24 News Update उदयपुर। गोगुंदा-पिंडवाड़ा हाईवे पर सोमवार शाम एक बड़ा हादसा उस वक्त टल गया जब चलती प्राइवेट बस अचानक आग का गोला बन गई। बेकरिया थाना क्षेत्र के टाकरी घाटी के पास करीब शाम 5 बजे हुए इस घटनाक्रम में बस पूरी तरह जलकर खाक हो गई, हालांकि समय रहते चालक के बाहर निकल जाने से जनहानि नहीं हुई।
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार बस सवारियां लेने के लिए गोगुंदा से बेकरिया की ओर जा रही थी और उस समय खाली थी। रास्ते में अचानक पिछले टायरों से धुआं उठना शुरू हुआ, जो कुछ ही क्षणों में भड़कती लपटों में बदल गया। देखते ही देखते आग ने पूरी बस को अपनी चपेट में ले लिया और आसमान में काले धुएं का गुबार छा गया।
बस चालक डालचंद ने बताया कि पीछे से धुआं और आग की लपटें उठती देख उन्होंने बिना देर किए बस रोकने की कोशिश की और तुरंत कूदकर अपनी जान बचाई। कुछ ही पलों में आग इतनी भयावह हो गई कि बस पूरी तरह जलने लगी।
घटना के बाद हाईवे पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया। गुजर रहे वाहन चालकों ने अपनी गाड़ियां रोक लीं और सुरक्षित दूरी बना ली। स्थानीय लोगों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची बेकरिया थाना पुलिस ने सबसे पहले भीड़ को हटाकर क्षेत्र को सुरक्षित किया, ताकि किसी संभावित विस्फोट या अन्य खतरे से बचा जा सके।
आग पर काबू पाने के लिए दमकल वाहनों को बुलाया गया, वहीं पुलिस और प्रशासन ने यातायात व्यवस्था को सुचारू करने के प्रयास किए। हादसे के कारणों का अभी स्पष्ट खुलासा नहीं हो पाया है, हालांकि प्रारंभिक तौर पर टायर फटने या तकनीकी खराबी को वजह माना जा रहा है। पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी है।
हाईवे पर दौड़ती बस बनी आग का गोला, चालक ने कूदकर बचाई जान; टायर से उठीं लपटों ने पूरी बस को लिया चपेट में

Advertisements
