Site icon 24 News Update

चलती स्लीपर बस फिर बनी आग का गोला, यात्रियों ने कूदकर बचाई जान

Advertisements

24 News Update सलूंबर। सलूंबर जिले के झल्लारा थाना क्षेत्र में रविवार सुबह बड़ा हादसा टल गया, जब बांसवाड़ा से उदयपुर जा रही एक स्लीपर कोच बस अचानक आग का गोला बन गई। देखते ही देखते आग इतनी तेजी से फैली कि पूरी बस कुछ ही मिनटों में जलकर राख हो गई और केवल लोहे का ढांचा ही बचा।
जानकारी के अनुसार यह घटना झल्लारा थाना क्षेत्र के गरडा गांव के पास सुबह करीब 6 बजे हुई। प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि बस सामान्य गति से चल रही थी, तभी अचानक उसमें से धुआं उठने लगा। इससे पहले कि कोई कुछ समझ पाता, आग ने तेजी से पूरी बस को अपनी चपेट में ले लिया। चालक ने सूझबूझ दिखाते हुए तुरंत बस को सड़क किनारे रोक दिया, जिससे बस में सवार ड्राइवर, क्लीनर और यात्री समय रहते नीचे उतर गए और बड़ा हादसा टल गया।
घटना की सूचना मिलते ही झल्लारा थाना अधिकारी जय किशन फुलवारिया पुलिस दल के साथ मौके पर पहुंचे। सुरक्षा के मद्देनजर पुलिस ने हाईवे के दोनों ओर यातायात रोक दिया। आग की तीव्रता इतनी अधिक थी कि स्थानीय स्तर पर उसे बुझाना संभव नहीं था, जिसके बाद सलूंबर से दमकल की गाड़ियों को मौके पर बुलाया गया। दमकलकर्मियों ने काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया, लेकिन तब तक बस पूरी तरह जल चुकी थी।
हादसे के कारण बांसवाड़ा-उदयपुर हाईवे पर करीब डेढ़ से दो घंटे तक यातायात प्रभावित रहा और दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं। बाद में पुलिस ने क्रेन की सहायता से जली हुई बस को सड़क से हटवाकर मार्ग को सुचारु किया।
बताया जा रहा है कि यह बस आशापुरा ट्रैवल्स की ‘मुल्तानी सोना’ स्लीपर कोच थी। हादसे के समय बस में कुल पांच यात्री सवार थे, जो सभी सुरक्षित बाहर निकल आए। प्रारंभिक जांच में आग लगने का कारण इंजन में शॉर्ट सर्किट माना जा रहा है, हालांकि पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है।

Exit mobile version