24 News Update उदयपुर। बहुजन समाज पार्टी की जिला इकाई उदयपुर ने डबोक थाना क्षेत्र के हरियाव गांव में दलित समाज की बेटी पूजा मेघवाल की बिंदोली पर हुए हमले के विरोध में राजस्थान के राज्यपाल के नाम ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन जिला कलेक्टर उदयपुर के माध्यम से प्रेषित किया गया। इस दौरान बसपा के लोकसभा जॉन प्रभारी एडवोकेट जगदीश चंद्र पाल के नेतृत्व में प्रदर्शन किया गया।
जगदीश चंद्र पाल ने बताया कि 29 अप्रैल 2026 को हरियाव गांव में पूजा मेघवाल की बिंदोली के दौरान कुछ असामाजिक तत्वों ने दूल्हे को घोड़ी से उतारकर मारपीट और पथराव किया। मामले में डबोक थाना में एफआईआर संख्या 108/2026 दर्ज की गई है। उन्होंने आरोप लगाया कि घटना में कई लोगों की संलिप्तता होने के बावजूद अब तक केवल कुछ आरोपियों की गिरफ्तारी हुई है, जबकि अन्य आरोपी खुलेआम घूम रहे हैं।
बसपा नेताओं ने इस घटना को मानवता और संविधान के खिलाफ बताते हुए दोषियों की शीघ्र गिरफ्तारी तथा पीड़ित परिवार को सुरक्षा उपलब्ध कराने की मांग की।
इस अवसर पर बसपा नेता सी पी खटीक ने कहा कि डॉ. भीमराव आंबेडकर द्वारा दिए गए संवैधानिक अधिकारों के बावजूद दलित समाज पर अत्याचार की घटनाएं लगातार सामने आ रही हैं। उन्होंने सरकार से दोषियों के खिलाफ कठोर कार्रवाई करने और भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकने की मांग की।
उदयपुर में बुधवार को हरियाव गांव की घटना को लेकर बहुजन समाज का आक्रोश सड़कों पर दिखाई दिया। भीम आर्मी के बैनर तले विभिन्न सामाजिक संगठनों द्वारा विशाल रैली एवं धरना-प्रदर्शन आयोजित किया गया। पीड़ित दुल्हन को घोड़ी पर बैठाकर टाउन हॉल से निकाली गई रैली प्रदर्शन का मुख्य आकर्षण रही।
यह रैली शहर के प्रमुख मार्गों से गुजरते हुए जिला कलेक्ट्रेट पहुंची, जहां प्रदर्शनकारियों ने जिला प्रशासन को ज्ञापन सौंपा। प्रदर्शनकारियों का आरोप था कि मेघवाल समाज की बिंदोली को रोककर दुल्हन को घोड़ी से नीचे उतार दिया गया तथा समाज के लोगों के साथ मारपीट की गई। घटना के बाद से समाज में भारी रोष व्याप्त है।
रैली में शामिल लोगों ने मामले में शामिल शेष आरोपियों की शीघ्र गिरफ्तारी एवं सख्त कार्रवाई की मांग की। प्रदर्शन के दौरान बड़ी संख्या में समाजजन उपस्थित रहे और भजनलाल शर्मा सहित जिला प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी की गई।

