- कांस्टेबल पृथ्वी सिंह की तत्परता से रोते-बिलखते माता-पिता को मिला उनका बेटा विवान
24 News Udpate जालोर। जालोर जिले में पुलिस थाना सांचौर के कांस्टेबल पृथ्वी सिंह ने मानवीय संवेदनाओं और कर्तव्यनिष्ठा का अनुपम उदाहरण प्रस्तुत करते हुए महज तीन साल के एक मासूम बच्चे को बाजार में खोने के कुछ ही समय बाद सकुशल उसके माता-पिता को सौंप दिया।
यह घटना मंगलवार 10 जून को कस्बा सांचौर की है, जब गुजरात से आए एक दम्पत्ति बाजार में खरीदारी कर रहे थे। इसी दौरान उनका तीन वर्षीय पुत्र विवान अनजाने में एक दुकान से बाहर निकल गया और अकेले ही दरबार चौक से कचहरी रोड की ओर दौड़ने लगा। उस समय ड्यूटी पर तैनात कांस्टेबल पृथ्वी सिंह की नजर उस मासूम पर पड़ी।
उन्होंने तुरंत सजगता दिखाई, बच्चे को रोका और प्यारपूर्वक बात कर उसकी जानकारी प्राप्त की। विवान ने बताया कि वह अपने मम्मी-पापा को ढूंढ़ रहा है। जब आसपास कोई परिजन नजर नहीं आए तो कांस्टेबल पृथ्वी सिंह ने विवान को सुरक्षित साथ लेकर बाजार में संभावित स्थानों पर तलाश शुरू की।
थोड़ी ही देर में दरबार चौक पर विवान के माता-पिता रोते-बिलखते बच्चे को खोजते हुए मिले। कांस्टेबल ने तत्परता दिखाते हुए मासूम को सकुशल उनके हवाले किया। बच्चे को पाकर माता-पिता भावुक हो उठे और कांस्टेबल पृथ्वी सिंह व राजस्थान पुलिस के प्रति आभार जताया।
यह सराहनीय कार्य एसपी ज्ञान चंद यादव, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक आवड़दान रतनू, वृताधिकारी काबंले शरण गोपीनाथ आईपीएस तथा थानाधिकारी देवेंद्र सिंह के कुशल मार्गदर्शन और सघन गश्त योजना का परिणाम है। कांस्टेबल पृथ्वीसिंह की तत्परता और मानवीय दृष्टिकोण ने न केवल एक परिवार की परेशानी दूर की बल्कि पुलिस के प्रति जनता के विश्वास को भी और मजबूत किया है

