24 न्यूज अपडेट, नेशनल डेस्क। 9 जुलाई 2025 का दिन इतिहास में अब तक का सबसे छोटा दिन माना जा रहा है। आज पृथ्वी सामान्य दिनों की तुलना में 1.3 से 1.51 मिली सेकेंड पहले अपना चक्कर पूरा कर लेगी। वैज्ञानिकों के मुताबिक, आने वाले दिनों में भी ऐसा ही असर देखा जाएगा। 22 जुलाई और 5 अगस्त को भी पृथ्वी अपने चक्कर सामान्य समय से पहले पूरा करेगी।
वैज्ञानिक रिपोर्ट्स के अनुसार, पृथ्वी की घूमने की रफ्तार में यह बदलाव चंद्रमा की स्थिति के कारण हो रहा है। Live Science की रिपोर्ट के अनुसार, इन दिनों चंद्रमा पृथ्वी की भूमध्य रेखा से दूर और ध्रुवों के करीब है। ऐसी स्थिति में चंद्रमा का गुरुत्वाकर्षण पृथ्वी की स्पिन को तेज कर देता है। ठीक वैसे ही, जैसे कोई लट्टू ऊपर से पकड़ लिया जाए, तो उसकी रफ्तार तेज हो जाती है।
धरती के घूमने की रफ्तार पहले कभी इतनी तेज नहीं रही। वैज्ञानिकों का मानना है कि 1 से 2 अरब साल पहले पृथ्वी सिर्फ 19 घंटे में ही अपनी धुरी पर चक्कर पूरा कर लेती थी। उस समय चंद्रमा पृथ्वी के बहुत करीब था और उसका गुरुत्वाकर्षण बल बहुत अधिक प्रभाव डालता था। धीरे-धीरे चंद्रमा पृथ्वी से दूर गया और पृथ्वी की रफ्तार कम होती गई। इससे दिन लंबे होने लगे। हालांकि हाल के वर्षों में वैज्ञानिकों ने पाया कि पृथ्वी की रफ्तार दोबारा बढ़ने लगी है।
5 जुलाई 2024 को पृथ्वी ने अपना चक्कर 1.66 मिली सेकेंड पहले पूरा कर एक नया रिकॉर्ड बना लिया था। वैज्ञानिकों के मुताबिक, अगर पृथ्वी की यह रफ्तार ऐसे ही बनी रही, तो भविष्य में समय की माप प्रणाली (Atomic Clock) को भी संशोधित करना पड़ सकता है। संभव है कि हमें Negative Leap Second यानी घड़ी से 1 सेकेंड घटाना पड़े। अब तक घड़ियों में 1 सेकेंड जोड़ने का काम होता आया है, लेकिन ऐसा पहली बार होगा जब उसे घटाना पड़ सकता है। यह बदलाव 2029 तक संभव माना जा रहा है।
इस बदलाव का असर सिर्फ समय पर ही नहीं, बल्कि संचार तंत्र, सैटेलाइट सिस्टम और नेविगेशन नेटवर्क पर भी पड़ सकता है। क्योंकि सभी तकनीकी प्रणालियां तारों, चांद और सूरज की स्थिति के आधार पर समय निर्धारित करती हैं। यदि दिन छोटे हुए तो समय में असंगति आ सकती है, जिससे संचार नेटवर्क और जीपीएस सिस्टम प्रभावित हो सकते हैं।
धरती के घूमने की गति को साबित करने का श्रेय फ्रांसीसी भौतिक विज्ञानी लियोन फौकॉल्ट को जाता है। उन्होंने 1851 में पेंडुलम मॉडल के जरिए यह प्रमाणित किया कि पृथ्वी अपनी धुरी पर घूमती है। इसी योगदान को सम्मान देने के लिए हर साल 8 जनवरी को ‘अर्थ रोटेशन डे’ मनाया जाता है।
लियोन फौकॉल्ट का जीवन भी रोचक रहा। वे पहले डॉक्टर बनना चाहते थे, लेकिन ब्लड फोबिया (खून देखकर डर) के कारण उन्होंने फिजिक्स विषय को चुना और विज्ञान में बड़ा योगदान दिया। लियोन ने शुरुआती दौर में फोटोग्राफिक तकनीक पर भी काम किया और मशहूर फोटोग्राफर लुईस डागुएरे के साथ मिलकर विश्व की पहली तस्वीर खींचने के प्रोजेक्ट में भी जुड़े रहे।


Discover more from 24 News Update

Subscribe to get the latest posts sent to your email.

desk 24newsupdate's avatar

By desk 24newsupdate

Watch 24 News Update and stay tuned for all the breaking news in Hindi ! 24 News Update is Rajasthan's leading Hindi News Channel. 24 News Update channel covers latest news in Politics, Entertainment, Bollywood, business and sports. 24 न्यूज अपडेट राजस्थान का सर्वश्रेष्ठ हिंदी न्‍यूज चैनल है । 24 न्यूज अपडेट चैनल राजनीति, मनोरंजन, बॉलीवुड, व्यापार और खेल में नवीनतम समाचारों को शामिल करता है। 24 न्यूज अपडेट राजस्थान की लाइव खबरें एवं ब्रेकिंग न्यूज के लिए बने रहें ।

Leave a Reply

You missed

error: Content is protected !!

Discover more from 24 News Update

Subscribe now to keep reading and get access to the full archive.

Continue reading