24 News Update उदयपुर। राजस्थान की 69वीं राज्य स्तरीय शूटिंग प्रतियोगिता का आयोजन उदयपुर के खेल गांव स्थित शूटिंग रेंज में किया जा रहा है। प्रतियोगिता में राज्य के 37 जिलों से 1050 से अधिक प्रतिभागी निशानेबाज हिस्सा ले रहे हैं। इनमें कई राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर के खिलाड़ी भी शामिल हैं।
प्रतियोगिता के चीफ रेंज ऑफिसर ने बताया कि प्रतिदिन सुबह 8 बजे से शाम 9 बजे तक मुकाबले जारी हैं, जिनमें रोजाना करीब 175 से 200 बच्चे अपनी निशानेबाजी का कौशल दिखा रहे हैं। बच्चों की आँखों में झलकती एकाग्रता और लक्ष्य पर अडिग निशाना इस बात का संकेत है कि इन्हीं में से भविष्य में देश की रक्षा और सुरक्षा करने वाले वीर जवान तैयार होंगे।
मीडिया प्रवक्ता देव रावत ने बताया कि प्रतियोगिता की व्यवस्थाओं की निगरानी में जिला शिक्षा अधिकारी लोकेश भारती, एडीओ मोहनलाल मेघवाल, स्थानीय पर्यवेक्षक भीमराज मीणा, बीकानेर निदेशालय से पर्यवेक्षक प्रदीप कुमार नागदा और प्रतियोगिता संयोजक गोवर्धन सिंह झाला सक्रिय भूमिका निभा रहे हैं।
बाहर से आए प्रतिभागियों ने प्रतियोगिता की उत्कृष्ट व्यवस्था की सराहना करते हुए कहा कि उदयपुर शिक्षा विभाग की टीम “रॉकिंग वर्कर” साबित हुई है। भोजन, आवास और शूटिंग रेंज की व्यवस्था को बेहतरीन बताया गया। खिलाड़ियों ने यह भी कहा कि प्रतियोगिता स्थल और आवास स्थल के बीच मात्र 500 मीटर की दूरी होने से उन्हें काफी सुविधा मिली है।
उदयपुर में 69वीं राज्य स्तरीय शूटिंग प्रतियोगिता, 37 जिलों के 1050 निशानेबाजों ने साधा लक्ष्य

Advertisements
