24 न्यूज अपडेट. उदयपुर। राजस्थान में शनिवार को कई जिलों में तेज बारिश का क्रम जारी रहा जिस कारण कई शहरों में सड़कें पानी में डूब गईं। खेतों में पानी भर गया तो निचले इलाकों में आने जाने में दिक्कत हुई। मानसून अभी पूरी तरह से सक्रिय है। धौलपुर, भरतपुर में शनिवार को 6 इंच तक पानी बरसा तो बीकानेर, नागौर, चूरू में भी जोरदार बारिश हुई। उदयपुर सहित बाकी जिलों में भी मध्यम दर्जे की बारिश हुई। आज मौसम विभगा ने जयपुर, अलवर, दौसा और भरतपुर में अतिभारी बारिश होने का ऑरेंज अलर्ट जारी किया है तो उदयपुर संभाग में मध्यम दर्जे की बारिश का अलर्ट है। इसके अलावा सात जिलों में भारी बारिश का येलो अलर्ट है। मेवाड़ वागड़ में अब 6 जुलाई तक बादलों को लगातार आसमान में डेरा और बसेरा रहने वाला है व बारिशों के दौर चलने वाले हैं। बीकानेर शहर में शनिवार को तेज बारिश हुई। मुख्य बाजारों में पानी बहता रहा। कुछ दुकानों के बाहर रखा सामान बह गया। जयपुर में बारिश, का दौर चला तो हर बात की तरह इस बार भी कलेक्ट्रेट, अजमेरी गेट, चारदीवारी, गोपालपुरा, मालवीय नगर, टोंक रोड, सांगानेर, मानसरोवर, प्रताप नगर, जगतपुरा में सड़कों पर पानी भरने से ट्रेफिक जाम की समस्या हो गई।
क्या है देश के मौसम का हाल
IMD ने यूपी, उत्तराखंड, हिमाचल, पंजाब, हरियाणा, दिल्ली, राजस्थान, मध्य प्रदेश और महाराष्ट्र में आज भारी बारिश का अलर्ट जारी किया है। इन राज्यों में 2 जुलाई तक ऑरेंज अलर्ट जारी है। गुजरात, बिहार, बंगाल, छत्तीसगढ़ के लिए यलो अलर्ट जारी किया है। 2 जुलाई के बाद पूरा सेंट्रल इंडिया तेज बारिश की जद में होगा।
नॉर्थ-ईस्ट राज्यों में भी भारी बारिश का अलर्ट जारी किया है। अरुणाचल प्रदेश में रेड अलर्ट है। मेघायल, अरुणाचल, नगालैंड, मणिपुर, मिजोरम और त्रिपुरा में 30 जून से 3 जुलाई के बीच 64.5 से 204.4mm बारिश होने की संभावना है।
देश में लगातार तीसरे साल सामान्य से कम बारिश
दो-तीन दिनों से देश के अलग-अलग हिस्सों में मूसलाधार बारिश से बीते गुरुवार (27 जून) तक जून में बारिश की जो कमी 19% थी, वह शनिवार (29 जून) को घटकर 14% रह गई है। 29 जून तक सामान्यत: 157.7mm बारिश होनी चाहिए, लेकिन शनिवार तक 136mm बारिश हुई है। यह तीसरा वर्ष होगा, जब जून में सामान्य से कम बारिश दर्ज होगी। 10 वर्षों में ऐसा चार बार ही हुआ है कि बारिश सामान्य से ज्यादा हुई है।
हिमाचल में सड़कें बंद, असम में पुलिस-CRPF कैंप में बाढ़ का पानी
हिमाचल प्रदेश के कई हिस्सों में शनिवार (29 जून) को भारी बारिश हुई। कांगड़ा, कुल्लू और किन्नौर जिलों में तीन सड़कों पर ट्रैफिक बंद कर दिया गया है। वहीं, असम में पिछले तीन दिनों से लगातार बारिश के कारण बाढ़ की स्थिति बन गई है। डिब्रूगढ़ में सीआरपीएफ कैंप, पुलिस कैंप, लोगों के घरों में पानी भर गया है। रास्ते ब्लॉक हैं। बिजली सप्लाई पूरी तरह से ठप है।
दिल्ली में दो दिन में 11 की मौत, हरिद्वार में 11 कारें बहीं
दिल्ली में बीते दो दिन हुई बारिश में 11 लोगों की मौत हो गई। 29 जून को भी 6 शव बरामद किए गए। इसमें चार बच्चे, एक युवक और एक बुजुर्ग शामिल थे। वहीं, AIIMS की पार्किंग में पानी भर गया।
उत्तराखंड में 27 जून को मानसून की एंट्री हुई थी। महज तीन दिन की बारिश में शनिवार (29 जून) को हरिद्वार में गंगा नदी उफान पर आ गई। इससे बाढ़ जैसी स्थिति बन गई। 8 कारें पानी की तेज धार में बह गईं। गनीमत रही कि इस कारों में कोई नहीं था। इसके अलावा निचले इलाकों में मौजूद घरों में भी पानी भर गया।
4 जिलों में अतिभारी बारिश का अलर्ट, मेवाड़-वागड़ में 6 जुलाई तक लगातार बारिश का पूर्वानुमान

Advertisements
