उदयपुर, 18 अगस्त। पर्यटन नगरी उदयपुर को मंगलवार को आधुनिक और पर्यावरण अनुकूल सार्वजनिक परिवहन की बड़ी सौगात मिली। मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने वर्चुअल माध्यम से शहर में इलेक्ट्रिक बस सेवा का शुभारंभ किया। पहले चरण में 33 ई-बसों का संचालन शुरू हो गया है, जबकि जल्द ही 17 और बसें मिलने के बाद शहर में कुल 50 इलेक्ट्रिक बसें संचालित होंगी।

शुभारंभ कार्यक्रम में उदयपुर शहर विधायक ताराचंद जैन, ग्रामीण विधायक फूलसिंह मीणा, संभागीय आयुक्त एवं नगर निगम प्रशासक प्रज्ञा केवलरमानी, नगर निगम आयुक्त अभिषेक खन्ना, उपायुक्त हरिसिंह देवल, निवर्तमान उपमहापौर पारस सिंघवी, समाजसेवी गजपाल सिंह सहित जनप्रतिनिधि, अधिकारी, पूर्व एवं निवर्तमान पार्षद तथा शहरवासी मौजूद रहे।

कार्यक्रम से पहले संभागीय आयुक्त प्रज्ञा केवलरमानी ने पूजा-अर्चना की। इसके बाद जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों ने ई-बसों को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। उद्घाटन के बाद जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों ने खुद ई-बस में सफर कर नई परिवहन व्यवस्था का जायजा लिया।

एयरपोर्ट समेत प्रमुख मार्गों पर चलेगी सेवा

निगम आयुक्त अभिषेक खन्ना ने बताया कि उदयपुर के लिए कुल 50 ई-बसें स्वीकृत हैं। इनमें 45 बसें 9 मीटर और 5 बसें 12 मीटर श्रेणी की हैं। 12 मीटर की बसों को एयरपोर्ट मार्ग पर चलाने का प्रस्ताव है। बसों का संचालन सुबह 6 बजे से रात 9 बजे तक होगा, जबकि एयरपोर्ट सेवा उड़ानों के समय के अनुसार संचालित की जाएगी।

ई-बसों में सीसीटीवी कैमरे, इमरजेंसी पैनिक बटन, दिव्यांग यात्रियों के लिए व्हीलचेयर सुविधा, एयर सस्पेंशन, आधुनिक बैटरी मैनेजमेंट सिस्टम और एयर कंडीशनिंग जैसी सुविधाएं दी गई हैं।

उदयपुर सिटी ट्रांसपोर्ट सर्विस लिमिटेड के प्रभारी अधिकारी रितेश पाटीदार ने बताया कि बसों का संचालन चेतक बस स्टैंड-कानपुर, सुखाड़िया सर्किल-डबोक एयरपोर्ट, बालिचा-अंबेरी, बड़गांव-बालिचा, आईआईएम उदयपुर-भुवाणा, एकलिंगपुरा-रामपुरा चौराहा, प्रतापनगर चौराहा-बड़ी, तितरड़ी-भुवाणा, तितरड़ी-प्रतापनगर चौराहा और तितरड़ी-लोयरा सहित प्रमुख मार्गों पर प्रस्तावित है।

10 रुपए से शुरू होगा किराया

ई-बसों में दूरी के अनुसार किराया प्रस्तावित किया गया है। 0 से 3 किमी तक 10 रुपए, 3 से 5 किमी 15 रुपए, 5 से 10 किमी 20 रुपए, 10 से 15 किमी 30 रुपए, 15 से 20 किमी 40 रुपए, 20 से 25 किमी 50 रुपए और 25 से 30 किमी तक 60 रुपए किराया रहेगा। एयरपोर्ट सेवा के लिए प्रति यात्री 100 रुपए किराया निर्धारित किया गया है।

ताराचंद जैन बोले- पर्यटन नगरी के लिए बड़ी उपलब्धि

विधायक ताराचंद जैन ने ई-बस सेवा को उदयपुर के लिए महत्वपूर्ण उपलब्धि बताया। उन्होंने कहा कि पर्यटन नगरी में स्वच्छ और प्रदूषणमुक्त परिवहन की जरूरत है। ई-बसों से शहरवासियों के साथ देशी-विदेशी पर्यटकों को भी सुरक्षित और सुविधाजनक परिवहन मिलेगा। 17 और बसें आने के बाद सार्वजनिक परिवहन नेटवर्क और मजबूत होगा।

ग्रामीण विधायक फूलसिंह मीणा ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा का आभार जताते हुए कहा कि ई-बस सेवा से गरीब और मजदूर वर्ग को विशेष लाभ मिलेगा। औद्योगिक क्षेत्रों में आने-जाने वाले श्रमिकों के लिए यह सुविधा उपयोगी साबित होगी।

पहले दिन अधिकारियों ने भी किया सफर

शुभारंभ के बाद ग्रामीण विधायक फूलसिंह मीणा, संभागीय आयुक्त प्रज्ञा केवलरमानी, निगम आयुक्त अभिषेक खन्ना, उपायुक्त हरिसिंह देवल, निवर्तमान उपमहापौर पारस सिंघवी और उदयपुर विकास प्राधिकरण के अधीक्षण अभियंता संजीव शर्मा सहित जनप्रतिनिधि और अधिकारी ई-बस से नगर निगम कार्यालय से उदयपुर विकास प्राधिकरण कार्यालय तक पहुंचे। अधिकारियों ने शहरवासियों से अधिक से अधिक सार्वजनिक परिवहन का उपयोग करने की अपील की।


Discover more from 24 News Update

Subscribe to get the latest posts sent to your email.

desk 24newsupdate's avatar

By desk 24newsupdate

Watch 24 News Update and stay tuned for all the breaking news in Hindi ! 24 News Update is Rajasthan's leading Hindi News Channel. 24 News Update channel covers latest news in Politics, Entertainment, Bollywood, business and sports. 24 न्यूज अपडेट राजस्थान का सर्वश्रेष्ठ हिंदी न्‍यूज चैनल है । 24 न्यूज अपडेट चैनल राजनीति, मनोरंजन, बॉलीवुड, व्यापार और खेल में नवीनतम समाचारों को शामिल करता है। 24 न्यूज अपडेट राजस्थान की लाइव खबरें एवं ब्रेकिंग न्यूज के लिए बने रहें ।

Leave a Reply

error: Content is protected !!

Discover more from 24 News Update

Subscribe now to keep reading and get access to the full archive.

Continue reading

Discover more from 24 News Update

Subscribe now to keep reading and get access to the full archive.

Continue reading