Site icon 24 News Update

कार-स्कूटी भिड़ंत में 3 युवकों की मौत, 2 घायल; ब्रिज से नीचे गिरे वाहन

Advertisements

24 News Upate उदयपुर। शहर के प्रतापनगर थाना क्षेत्र में देर रात एक भीषण सड़क हादसे ने तीन परिवारों की खुशियां छीन लीं। मादड़ी ब्रिज पर कार और स्कूटी की आमने-सामने टक्कर में स्कूटी सवार तीन युवकों की मौत हो गई, जबकि कार में सवार दो लोग घायल हो गए। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि दोनों वाहन ब्रिज की रेलिंग तोड़ते हुए करीब 20 फीट नीचे जा गिरे।
जानकारी के अनुसार, स्कूटी सवार युवक कैटरिंग का काम करते थे और रविवार रात करीब डेढ़ बजे एक शादी समारोह से काम खत्म कर लौट रहे थे। इसी दौरान एकलिंगपुरा चौराहे की ओर से आ रही इनोवा कार से उनकी सीधी भिड़ंत हो गई। टक्कर के बाद स्कूटी कार के नीचे फंस गई और दोनों वाहन अनियंत्रित होकर पुल से नीचे जा गिरे।
तेज आवाज सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और पुलिस को सूचना दी। स्थानीय लोगों की मदद से घायलों को बाहर निकालकर अस्पताल पहुंचाया गया। हादसे में अर्जुन सिंह (40) और सौरभ (30) की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि तीसरे युवक की पहचान अभी नहीं हो पाई है। अर्जुन सिंह मूल रूप से मध्य प्रदेश के देवास के निवासी थे और फिलहाल हिरण मगरी सेक्टर-7 में रह रहे थे। सौरभ भोपाल के रहने वाले थे।
वहीं कार सवार योगेश भाट (25) और शिवम (19) घायल हो गए, जिन्हें इलाज के लिए एमबी अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
पुलिस का कहना है कि कार सवार भी एक शादी समारोह से लौट रहे थे। हादसे के कारणों की जांच की जा रही है, हालांकि प्रारंभिक तौर पर तेज रफ्तार और लापरवाही को वजह माना जा रहा है।

Exit mobile version