24 न्यूज अपडेट, उदयपुर। सायरा थाना क्षेत्र में हुई डकैती की वारदात में फरार चल रहे तीन आरोपियों को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। इस मामले में पुलिस पहले ही छह आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश कर चुकी थी, जबकि तीन आरोपी लगातार फरार चल रहे थे।
उल्लेखनीय है कि 4 जून 2025 को सायरा निवासी उमARAM गमेती ने रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि रात के समय कुछ अज्ञात लोग उनके घर पर पत्थर फेंकते हुए अंदर घुसे और चांदी के आभूषण व नकदी लेकर फरार हो गए। इसके बाद आरोपी समीप के भीखाराम तथा तुलसीराम के घरों में भी ताला तोड़कर घुसे और वहां से भी नकदी और चांदी के जेवरात लूटकर भाग गए। घटना के बाद पुलिस ने प्रकरण संख्या 149/2025 भारतीय न्याय संहिता की धारा 331(6) एवं 305(ए) में मामला दर्ज कर जांच शुरू की थी।
12 जून को इस वारदात में शामिल छह आरोपियों को गिरफ्तार कर लूट का माल बरामद कर लिया गया था, जबकि तीन अन्य आरोपी फरार थे। जिला पुलिस अधीक्षक योगेश गोयल के निर्देशन में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (ग्रामीण) गोपाल स्वरूप मेवाड़ा और वृत्ताधिकारी सूर्यवीर सिंह राठौड़ के सुपरविजन तथा थाना सायरा के थानाधिकारी किशोर सिंह शक्तावत के नेतृत्व में गठित टीम ने तकनीकी निगरानी एवं आसूचना के आधार पर फरार आरोपियों लालाराम पुत्र सोफा, किरण पुत्र कालु (दोनों निवासी ऊपरी खुना रावछ, सायरा) तथा भूरा पुत्र जेठा (निवासी कुन्ती का लेवा, ओगणा) को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ के बाद तीनों को न्यायालय में पेश किया जाएगा और मामले में अग्रिम अनुसंधान जारी है।
इस कार्रवाई में थानाधिकारी किशोर सिंह शक्तावत के साथ एसआई शंभु सिंह, हेड कॉन्स्टेबल निम्बाराम, कॉन्स्टेबल नाथूलाल, रूपाराम और कानापुरी शामिल थे।

