24 News update उदयपुर। गोगुन्दा क्षेत्र में 70 वर्षीय वृद्ध महिला का अपहरण कर उसे घंटों तक मोटरसाइकिल पर घुमाने, सुनसान जंगल में ले जाकर बेरहमी से मारपीट करने और लोहे की आरी से हाथ-पैरों में पहने चांदी के आभूषण काटकर लूट लेने के सनसनीखेज मामले का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। करीब सौ से अधिक सीसीटीवी कैमरों की फुटेज, तकनीकी विश्लेषण और मुखबिर तंत्र की मदद से पुलिस ने गिरोह के एक सदस्य को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि वारदात का मुख्य आरोपी अब भी फरार है। पुलिस जांच में सामने आया है कि आरोपी विशेष रूप से बुजुर्ग महिलाओं और पुरुषों को निशाना बनाते थे। वे उन्हें घर छोड़ने का झांसा देकर मोटरसाइकिल पर बैठाते, सुनसान इलाके में ले जाकर मारपीट करते और शरीर पर पहने सोने-चांदी के गहनों को लोहे की पत्ती (आरी) से काटकर लूट लेते थे। पेंशन के काम से आई थीं गोगुन्दा, लौटते समय बन गईं शिकार गोगुन्दा थाना पुलिस के अनुसार जोगियों का गुड़ा निवासी 70 वर्षीय भुरकी बाई, पत्नी लालूजी ने 20 जून को रिपोर्ट दर्ज कराई। उन्होंने बताया कि 19 जून को वह अपने पति के साथ गोगुन्दा कस्बे में बैंक में पेंशन संबंधी दस्तावेजों का सत्यापन कराने आई थीं। काम पूरा होने के बाद दोनों गांव लौट रहे थे। धोलीघाटी क्षेत्र से पैदल घर की ओर जा रही भुरकी बाई के पास मोटरसाइकिल पर सवार दो युवक पहुंचे। दोनों ने खुद को मददगार बताते हुए महिला से कहा कि वे उसे घर छोड़ देंगे। महिला ने साफ इनकार कर दिया, लेकिन आरोपियों ने जबरदस्ती उसे मोटरसाइकिल पर बैठा लिया और ईसवाल की ओर निकल गए। तीन घंटे तक घुमाते रहे, अंधेरा होते ही जंगल में दिया वारदात को अंजाम महिला ने पुलिस को बताया कि आरोपी करीब तीन घंटे तक उसे अलग-अलग रास्तों पर घुमाते रहे। अंधेरा होने के बाद वे उसे एक सुनसान जंगल में ले गए, जहां उसके साथ मारपीट की गई। इसके बाद आरोपियों ने उसके पैरों में पहने चांदी के कड़े, गले में पहनी हासली और कानों के झुमके लूट लिए। हाथ में पहने चांदी के डग (कड़ा) को निकालना संभव नहीं हुआ तो आरोपियों ने लोहे की पत्ती (आरी) से उसे काटकर अलग किया और सभी जेवर लेकर फरार हो गए। वारदात के बाद घायल और डरी-सहमी वृद्धा किसी तरह लोगों तक पहुंची। एसपी के निर्देश पर बनी विशेष टीम घटना की गंभीरता को देखते हुए जिला पुलिस अधीक्षक डॉ. अमृता दुहन ने आरोपियों की शीघ्र गिरफ्तारी के निर्देश दिए। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अंजना सुखवाल तथा गिर्वा वृत्ताधिकारी गोपाल चंदेल के सुपरविजन में गोगुन्दा थानाधिकारी श्याम सिंह के नेतृत्व में विशेष टीम गठित की गई। टीम ने गोगुन्दा, मजावड़ी, खाखड़ी, धोलीघाटी सहित आसपास के क्षेत्रों में लगे 100 से अधिक सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली। तकनीकी विश्लेषण और खुफिया सूचना के आधार पर पुलिस आरोपियों तक पहुंचने में सफल रही। गिरोह का एक सदस्य गिरफ्तार, मुख्य आरोपी अब भी फरार पुलिस ने मामले में पप्पूसिंह पुत्र सोहनसिंह (40 वर्ष), निवासी उण्डीथल, थाना गोगुन्दा को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में उसके वारदात में शामिल होने के पर्याप्त साक्ष्य मिले हैं। पुलिस के अनुसार वारदात का मुख्य आरोपी बसंतसिंह उर्फ पिंटू पुत्र सोहनसिंह, निवासी उण्डीथल घटना के बाद से फरार है। उसकी गिरफ्तारी के लिए लगातार दबिश दी जा रही है और मामले की जांच जारी है। बुजुर्गों को बनाते थे निशाना पुलिस जांच में सामने आया है कि आरोपी सुनियोजित तरीके से बुजुर्गों को अपना शिकार बनाते थे। वे पहले भरोसा जीतकर उन्हें घर छोड़ने का झांसा देते, फिर सुनसान जंगल या निर्जन स्थान पर ले जाकर मारपीट करते और शरीर पर पहने सोने-चांदी के आभूषण लोहे की आरी से काटकर लूट लेते थे। पुलिस को आशंका है कि गिरोह ने इसी तरह की अन्य वारदातों को भी अंजाम दिया हो सकता है, जिसकी जांच की जा रही है। इस टीम ने किया खुलासा मामले के खुलासे में गोगुन्दा थानाधिकारी श्याम सिंह के नेतृत्व में गठित टीम ने कार्रवाई की। टीम में उपनिरीक्षक विनेश कुमार, कांस्टेबल भूपेन्द्र सिंह, शिवसिंह (विशेष भूमिका), सत्यनारायण, राजेन्द्र कुमार, नारायण सिंह, प्रताप सिंह, वीरेन्द्र सिंह, परमार सैनी तथा साइबर सेल उदयपुर के लोकेश शामिल रहे। Share this: Share on X (Opens in new window) X Share on Facebook (Opens in new window) Facebook More Email a link to a friend (Opens in new window) Email Share on WhatsApp (Opens in new window) WhatsApp Like this:Like Loading… Related Discover more from 24 News Update Subscribe to get the latest posts sent to your email. Type your email… Subscribe Post navigation बीएसएनएल का ग्रामीण ब्रॉडबैंड प्लान लॉन्च, 259 रुपए में मिलेगा 25 Mbps इंटरनेट व OTT सुविधा राजेंद्र टोयोटा उदयपुर में ऑल-इलेक्ट्रिक ‘टोयोटा अर्बन क्रूज़र ईबेला’ का भव्य प्रदर्शन