24 News Update चित्तौड़गढ़। सदर थाना पुलिस ने हाईवे पर नाकाबंदी के दौरान बड़ी कार्रवाई करते हुए 2265 किलोग्राम चोरी का एल्युमिनियम तार जब्त किया, जिसकी कीमत करीब 10 लाख रुपए आंकी गई है। कार्रवाई धनेत कला के पास की गई, जहां उदयपुर से जयपुर जा रहे एक पिकअप और एक सेन्ट्रो कार को रोककर जांच की गई।
पिकअप में खाकी कागज से ढके बंडलों में ताजा कटे एल्युमिनियम तार मिले। पूछताछ में आरोपियों ने माल चोरी का होना स्वीकार किया। जांच में सामने आया कि सेन्ट्रो कार पिकअप को एस्कॉर्ट कर रही थी, ताकि पुलिस जांच से बचा जा सके। पुलिस ने इसे संगठित तस्करी मानते हुए दोनों वाहन जब्त कर लिए। मामले में अनिस (विदिशा), जैद (भगवन्तपुर), सलमान अली (कन्नौज), सोनू (इटावा), पवन (मुरैना) और संजेस (कन्नौज) को गिरफ्तार किया गया है। सभी आरोपी वर्तमान में जयपुर में रह रहे थे।
एसपी मनीष त्रिपाठी के निर्देश पर एएसपी सरिता सिंह व थानाधिकारी प्रेम सिंह के नेतृत्व में चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत यह कार्रवाई की गई। पुलिस अब गिरोह के अन्य सदस्यों और चोरी के स्रोत की जांच कर रही है।
नाकाबंदी में 2265 किलो चोरी का एल्युमिनियम तार जब्त, 6 आरोपी गिरफ्तार

Advertisements
