Site icon 24 News Update

राजस्थान में 2 करोड 23 लाख आयुष्मान कार्ड जारी, उदयपुर में 8 लाख 75 हजार कार्डधारी

Advertisements


24newsupdate उदयपुर। राजस्थान में करीब 2 करोड 23 लाख लोगों के आयुष्मान कार्ड जारी किए गए हैं। इस कार्ड से लाखों की संख्या में मरीजों को स्वास्थ्य लाभ मिला है। उदयपुर संसदीय क्षेत्र में ही यह संख्या तीन लाख से ज्यादा है।
लोकसभा में सांसद मन्नालाल रावत द्वारा राजस्थान में आयुष्मान कार्ड की स्थिति को लेकर पूछे गए अतारांकित प्रश्न के जवाब में स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण राज्य मंत्री प्रतापराव जाधव की ओर से यह जानकारी दी गई।
सांसद डॉ रावत ने देश में अब तक जारी किए गए आयुष्मान कार्डों का राज्य व संघ राज्य क्षेत्र-वार ब्यौरा, राजस्थान में जारी किए गए आयुष्मान कार्डों का जिला-वार ब्यौरा तथा राजस्थान में आयुष्मान भारत योजना के अंतर्गत लाभ उठाने वाले लाभार्थियों की संख्या तथा इस पर जिले वार व्यय को लेकर जानकारी मांगी थी।
स्वास्थ्य और परिवार कल्याण मंत्रालय में राज्य मंत्री प्रतापराव जाधव की ओर से दी गई जानकारी में बताया गया कि 18 मार्च 2025 तक की स्थिति के अनुसार आयुष्मान भारत प्रधानमंत्री जन आरोग्य योजना (एबी-पीएमजेएवाई) के तहत 36 करोड 86 लाख आयुष्मान कार्ड बनाए गए हैं। इस तिथि तक राजस्थान राज्य में 2 करोड 23 लाख आयुष्मान कार्ड बनाए जा चुके हैं। राजस्थान में लाखों लोगों को इस योजना के तहत स्वास्थ्य सुविधा प्रदान की गई है। उदयपुर संसदीय क्षेत्र की बात करें तो उदयपुर जिले में अस्पताल में भर्ती 2 लाख 67 हजार 321 मरीजों पर 253 करोड 11 लाख रुपए, सलूंबर जिले में 12 हजार 236 मरीजों पर 14 करोड 13 लाख तथा प्रतापगढ जिले में 76 हजार 293 मरीजों पर 60 करोड 16 लाख खर्च हुए। उदयपुर संसदीय क्षेत्र में उदयपुर जिले में 8 लाख 75 हजार 894, सलूंबर जिले में 2 लाख 57 हजार 30 तथा प्रतापगढ जिले में 3 लाख 48 हजार 320 आयुष्मान कार्ड अब तक बनाए गए हैं।

Exit mobile version