Site icon 24 News Update

प्रधानमंत्री जन आरोग्य योजना, अन्य राज्यों से आए मरीजों को सेवा देने में उदयपुर प्रथम जिला बना

Advertisements

24 News Update, उदयपुर।

प्रधानमंत्री जन आरोग्य योजना (आयुष्मान भारत) के अंतर्गत अंतराज्यीय स्वास्थ्य सेवा की औपचारिक शुरुआत शुक्रवार, 18 अप्रैल 2025 को कर दी गई। इस नई सुविधा के तहत अब मरीज देश के किसी भी राज्य में जाकर नि:शुल्क इलाज करवा सकेंगे। योजना के तहत पहला मरीज मध्यप्रदेश से उदयपुर लाया गया, जिसे उमरड़ा स्थित पैसिफिक इंस्टीट्यूट ऑफ मेडिकल साइंस (PIMS) में भर्ती किया गया।

सीएमएचओ ने दी जानकारी
मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी (सीएमएचओ) डॉ. शंकर एच. बामनिया ने बताया कि इस सुविधा के शुरू होने से गंभीर बीमारियों से पीड़ित मरीज अब अपने राज्य की सीमाओं तक सीमित नहीं रहेंगे। राजस्थान में इस योजना के पहले चरण की शुरुआत अन्य राज्यों के मरीजों के लिए की गई है। आज मध्यप्रदेश के एक मरीज के साथ-साथ दो अन्य मरीजों को भी पैसिफिक हॉस्पिटल बेदला में भर्ती किया गया।

राजस्थान के मरीजों को भी मिलेगा लाभ
डॉ. बामनिया ने बताया कि राज्य में आयुष्मान कार्ड बनाने की प्रक्रिया तेज़ी से चल रही है। आने वाले समय में राजस्थान के मरीज भी गुजरात, उत्तरप्रदेश, मध्यप्रदेश समेत अन्य राज्यों में नि:शुल्क इलाज की सुविधा का लाभ उठा सकेंगे।

मज़दूर वर्ग को होगा बड़ा लाभ
अंतराज्यीय स्वास्थ्य सुविधा की शुरुआत से राजस्थान के आसपास के राज्यों — गुजरात, मध्यप्रदेश, उत्तरप्रदेश आदि में कार्यरत प्रवासी मज़दूरों को विशेष लाभ मिलेगा। वे अब अपने काम के स्थान पर ही बेहतर चिकित्सा सुविधा प्राप्त कर सकेंगे, जिससे समय और खर्च दोनों की बचत होगी।

Exit mobile version