24 News Update उदयपुर। फतहसागर झील में मंगलवार देर रात एक 18 वर्षीय युवक द्वारा झील में छलांग लगाने का मामला सामने आया। सूचना मिलने पर सिविल डिफेंस की टीम मौके पर पहुंची और बुधवार सुबह रेस्क्यू अभियान चलाकर युवक का शव बाहर निकाला। इसके बाद शव को अंबामाता थाना पुलिस के सुपुर्द किया गया।
पुलिस के अनुसार मृतक की पहचान भारत खारोल (18) पुत्र चंद्र खारोल के रूप में हुई है। शव को एमबी हॉस्पिटल की मोर्च्युरी में रखवाया गया है, जहां पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंपा जाएगा। घटना के बाद मौके पर पहुंचे परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल हो गया।
मोबाइल घर छोड़कर निकला था युवक
पुलिस ने बताया कि भारत खारोल मंगलवार रात करीब 8 बजे घर से निकला था। वह मोबाइल फोन घर पर ही छोड़ गया था। देर रात लगभग 10:30 बजे सौर वेधशाला स्थित जेटी के पास मौजूद राहगीरों ने युवक को झील में छलांग लगाते हुए देखा। राहगीरों की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और सिविल डिफेंस टीम को बुलाया गया। रात में अंधेरा अधिक होने के कारण तत्काल रेस्क्यू संभव नहीं हो सका। इसके बाद बुधवार सुबह दोबारा अभियान शुरू किया गया। करीब दो घंटे की मशक्कत के बाद गोताखोरों ने युवक का शव झील से बाहर निकाला।
रेस्क्यू टीम में ये रहे शामिल
रेस्क्यू ऑपरेशन में सिविल डिफेंस के गोताखोर विजय नकवाल, भवानी शंकर, विपुल चौधरी, बनेसिंह गुर्जर सहित अन्य सदस्य शामिल रहे। फिलहाल युवक द्वारा आत्मघाती कदम उठाने के कारणों का खुलासा नहीं हो पाया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है और परिजनों से भी पूछताछ की जा रही है।
18 साल के युवक ने रात के अंधेरे में लगाई फतहसागर में छलांग, सुबह निकाला शव

Advertisements
