24 News Update सांवलियाजी. मेवाड़ के प्रसिद्ध श्री सांवलियाजी मंदिर में अन्नकूट पर्व पर मालपुए लूटने की अनोखी और प्राचीन परंपरा बुधवार को भी बरकरार रही। शाम को ठाकुरजी की विशेष आरती के बाद मंदिर परिसर में श्रद्धालुओं को मालपुए लुटाए गए। मंदिर में बड़ी संख्या में श्रद्धालु जमा हुए। ग्रामीणों के साथ-साथ बाहर से आए श्रद्धालु भी इस परंपरा में हिस्सा लेने पहुंचे। मंदिर मंडल और ओसरा पुजारी की देखरेख में मालपुए लुटाए गए, जिसके बाद देवकीसदन धर्मशाला में देर रात तक प्रसादी वितरण चला।
मंदिर में बनी और बांटी गई मालपुए
मंदिर मंडल की ओर से 15 क्विंटल मालपुए तैयार किए गए। इनमें से लगभग 3 क्विंटल मंदिर परिसर में श्रद्धालुओं को लुटाए गए, जबकि 9 क्विंटल मालपुए गांव में घर-घर पहुंचाए गए। इस आयोजन में गुजरात और मध्य प्रदेश से आए श्रद्धालुओं ने भी बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया।
विशेष महाप्रसाद में 30 से ज्यादा सब्जियों का मिश्रण
अन्नकूट पर्व पर मंदिर में 10 बजे की विशेष आरती के बाद सांवरा सेठ को पताशे, गन्ने के टुकड़े और मालपुए का भोग लगाया गया। रात 12 बजे मंदिर मंडल ने मालपुए लुटाए, जिसके बाद देवकीसदन धर्मशाला में ब्राह्म भोज का आयोजन हुआ। यहां 30-35 प्रकार की सब्जियों से 10 क्विंटल महाप्रसाद तैयार किया गया। मंदिर मंडल के अनुसार, प्रसादी के बाद मालपुए के पैकेट गांव के घर-घर में बांटे गए, जिससे श्रद्धालुओं में उत्साह का माहौल बना रहा।
सांवलियाजी मंदिर में अन्नकूट पर 15 क्विंटल मालपुए लुटाए

Advertisements
