24 न्यूज अपडेट. हरियाणा। कुंडली-मानेसर-पलवल एक्सप्रेस-वे पर शुक्रवार देर रात करीब डेढ़ बजे श्रद्धालुओं की बस में आग लग गई जिससे 10 लोग जिंदा जल गए, 25 से अधिक बुरी तरह झुलस गए। 8 लोगों की मौके पर ही मौत हो गई जबकि 2 ने अस्पताल में दम तोड़ दिया। घायलों को नूंह के नल्हड़ स्थित मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया है। जलती बस में यह हादसा नूंह के तावड़ू गांव के पास हुआ। हादसे के शिकार घायलों ने कहा कि आग लगने के बाद बस का दरवाजा लॉक हो गया। हम सब खिड़कियों के कांच को तोड़कर बस से कूदे। उसके बाद मदद मांगी मगर कोई राहगीर नहीं आया, सब जलती बस का वीडियो बनाने में लगे रहे। इस बस में 64 लोग सवार थ जो आपस में रिश्तेदार हैं। पंजाब-चंडीगढ़ के रहने वाले हैं व मथुरा-वृंदावन से दर्शन कर लौट रहे थे। आग की लपटें देख स्थानीय लोगों के आने के बाद पुलिस और फायर ब्रिगेड को जानकारी दी व बाद में खुद भी आग बुझाने का प्रयास किया। फायर ब्रिगेड ने मौके पर पहुंचकर आग पर काबू पाया। तावड़ू गांव के कुछ लोगों ने बताया कि उन्होंने बस में आग देखी तो ड्राइवर को आवाज लगाकर रुकने को कहा। बस नहीं रोकी तो मोटरसाइकिल से पीछा किया और ड्राइवर को सूचना दी। तब तक आग काफी फैल चुकी थी। एक घायल ने बताया कि बाहर से बस का दरवाजा बंद हो गया था। इससे लोग बाहर नहीं निकल पाए। उस समय ज्यादातर यात्री सो रहे थे। आग की लपटों की गर्मी महसूस हुई तो नींद खुली व बस में चीख पुकार मच गई। बस का दरवाजा खोलने की कोशिश की, लेकिन लॉक था। इसके बाद अफरा-तफरी का माहौल हो गया। लोग खिड़की के शीशे तोड़कर कूदे। कई लोग अंदर ही रह गए।
हरियाणा में बस बनी आग का गोला, 10 श्रद्धालु जिंदा जले, राहगीर मदद को नहीं आए, वीडियो बनाते रहे

Advertisements
