24 न्यूज अपडेट. बांसवाड़ा। मध्यप्रदेश के उज्जैन पुलिस ने लंबे समय से फरार अपराधी सलमान लाला को नागदा क्षेत्र से गिरफ्तार किया है। सलमान लाला पर राजस्थान और मध्य प्रदेश में व्यापारियों से करोड़ों की फिरौती मांगने और फायरिंग के मामले दर्ज थे। इस पर 60 हजार रुपये का इनाम भी घोषित था। उज्जैन पुलिस, क्राइम ब्रांच और मंडी थाने की टीम ने संयुक्त ऑपरेशन में घेराबंदी कर सलमान लाला को पकड़ा। आरोपी सलमान लाला, पिता शेरू निवासी नागदा (मध्य प्रदेश), लंबे समय से पुलिस की गिरफ्त से बाहर था। पुलिस ने आरोपी की गतिविधियों पर कड़ी निगरानी रखी और सटीक सूचना मिलने पर दबिश दी। सलमान ने फरवरी 2023 में राजस्थान के बांसवाड़ा जिले में व्यापारियों से 1 करोड़, 50 लाख और 20 लाख रुपये की फिरौती मांगी थी।फिरौती नहीं देने पर जान से मारने की धमकी दी और एक व्यापारी के होटल के सामने फायरिंग की थी। सलमान के खिलाफ बांसवाड़ा के कोतवाली और कलिंजरा थाना क्षेत्रों में मामले दर्ज हैं। 1 दिसंबर 2022 को नागदा के सरकारी उर्दू स्कूल परिसर में सलमान ने डांस पार्टी आयोजित की थी। इस आयोजन में बाहरी बदमाश भी शामिल हुए थे, जिसके बाद हिंदू संगठनों ने प्रदर्शन किया था। पुलिस ने 13 जनवरी 2023 को सलमान के खिलाफ मामला दर्ज किया। 19 जून 2019 को सलमान ने एक व्यापारी को धमकी दी थी। पुलिस शिकायत के बाद व्यापारी पर उसके गुर्गों ने हमला कर दिया, जिसमें व्यापारी को 16 चाकू के घाव लगे थे। 10 मई 2020 को सलमान को हथियारों के जखीरे के साथ गिरफ्तार किया गया था।
फरारी के दौरान आपराधिक गतिविधियां
सलमान पिछले दो साल से फरार था और इस दौरान उसने कई व्यापारियों को धमकियां दीं। बांसवाड़ा में उसकी गतिविधियों के कारण स्थानीय पुलिस भी उसकी तलाश में थी। उज्जैन पुलिस की गिरफ्तारी के बाद बांसवाड़ा पुलिस अब सलमान को पूछताछ के लिए ट्रांजिट रिमांड पर ले जा सकती है। सलमान से पूछताछ के बाद उसके अन्य सहयोगियों की भी गिरफ्तारी संभव है। सलमान की गिरफ्तारी से व्यापारियों ने राहत की सांस ली है। इस मामले ने क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था को लेकर चिंता बढ़ा दी थी।
व्यापारियों से 1.72 करोड़ की फिरौती मांगने वाला शातिर सलमान लाला गिरफ्तार

Advertisements
