24 News Update बांसवाड़ा। राजस्थान पुलिस ने शहर के दो व्यापारियों से 1 करोड़ 40 लाख रुपए की फिरौती मांगने के मामले में एक सरकारी शिक्षक को गिरफ्तार किया है। आरोपी ने खुद को गैंगस्टर बताकर धमकी भरे पत्र भेजे थे, लेकिन पुलिस ने 300 से अधिक सीसीटीवी कैमरों की जांच और साइबर ट्रैकिंग के जरिए पूरे मामले का खुलासा कर दिया।
मामला राजतालाब थाना क्षेत्र का है। पुलिस अधीक्षक सुधीर जोशी ने सोमवार को प्रेस वार्ता में बताया कि आरोपी विकेश कुमार, जो ग्रेड सेकंड सरकारी शिक्षक है और राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय चुडाडा में पदस्थापित है, को उसके गांव टिम्बा महुडी (कुशलगढ़) से गिरफ्तार किया गया है।
प्रारंभिक जांच में सामने आया कि आरोपी ऑनलाइन गेमिंग की लत के कारण भारी कर्ज में डूब गया था। उसने गेमिंग में लाखों रुपए गंवा दिए और करीब एक साल पहले गेम छोड़ने के बावजूद उस पर लगभग 80 लाख रुपए का कर्ज हो गया। कर्ज चुकाने के लिए उसने अपने नाम से पांच लोन लिए, रिश्तेदारों के गहने गिरवी रखे और वेतन से 6 लाख रुपए एडवांस लिया। उसकी पत्नी, जो स्वयं सरकारी शिक्षक है, के नाम पर भी करीब 30 लाख रुपए का लोन लिया गया था, लेकिन इसके बावजूद कर्ज समाप्त नहीं हुआ।
इसके बाद आरोपी ने कर्ज से उबरने के लिए खुद को फर्जी गैंगस्टर बताकर फिरौती मांगने की साजिश रची। उसने दो व्यापारियों की रेकी की और 30 मार्च को एक व्यापारी की दुकान के शटर के नीचे धमकी भरा पत्र डाला, जबकि दूसरे व्यापारी के कर्मचारी को लिफाफा देकर धमकी दी। आरोपी ने एक व्यापारी से 90 लाख और दूसरे से 50 लाख रुपए की मांग की थी। उसने 3 अप्रैल को रकम देने की डेडलाइन तय की और रकम रखने के लिए भोयण घाटी स्थित पानी की टंकी के पास नीम के पेड़ के नीचे सुनसान स्थान बताया।
31 मार्च को व्यापारियों की शिकायत मिलने पर पुलिस ने शहर के एंट्री और एग्जिट पॉइंट्स पर लगे करीब 300 सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली और आरोपी के मूवमेंट का रूट मैप तैयार किया। पहचान पुख्ता होने के बाद पुलिस टीम ने कार्रवाई करते हुए आरोपी को उसके गांव से गिरफ्तार कर लिया। पुलिस के अनुसार आरोपी के खिलाफ आगे की कानूनी कार्रवाई जारी है और मामले में अन्य पहलुओं की भी जांच की जा रही है।
बांसवाड़ा में सरकारी गुरूजी ने कर दिया कांड, फर्जी गैंगस्टर बन 1.40 करोड़ की फिरौती मांगी

Advertisements
