Site icon 24 News Update

वृक्ष लगाकर प्रकृति का श्रृंगार करें: सीईओ राठौड़

Advertisements

24 न्यूज अपडेट राजसमंद .राज्य सरकार के निर्देशानुसार सम्पूर्ण राज्य में चल रहे सघन वृक्षारोपण कार्यक्रम के तहत ग्राम पंचायत कुंवारिया में एक विशाल वृक्षारोपण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम में मुख्य कार्यकारी अधिकारी जिला परिषद राजसमंद हनुमान सिंह राठौड़, मुख्य अतिथि के रूप में और उपखंड अधिकारी अर्चना बुगालिया अध्यक्ष के रूप में उपस्थित रही। इस अवसर पर 1051 वृक्ष लगाकर स्वामी विवेकानन्द लोक अरण्य वन की स्थापना का शुभारंभ किया गया।

मुख्य अतिथि राठौड़ ने कहा कि वृक्ष प्रकृति का श्रृंगार हैं और प्रत्येक व्यक्ति को कम से कम एक वृक्ष लगाकर उसकी नियमित देखभाल करनी चाहिए। अधिक वृक्षारोपण से पर्यावरण का संरक्षण होता है और वातावरण शुद्ध रहता है, जिससे हम स्वस्थ रहते हैं। उन्होंने जिले में चारागाहों में अधिक वट वृक्ष लगाने के निर्देश भी दिए और फलदार वृक्षों को परिवार की बहन बेटियों के नाम से लगाने की अपील की ताकि वे अपने पीहर में आकर फलों से लदे वृक्षों का आनंद ले सकें।

इस अवसर पर श्री राठौड़ ने जिले में चलाए जा रहे प्लास्टिक बोतल से प्लास्टिक पॉलिथीन समाप्ति अभियान की भी जानकारी दी। कार्यक्रम की अध्यक्षता कर रहीं अर्चना बुगालिया ने ग्राम पंचायत के इस नवाचार की प्रशंसा की और लगाए गए वृक्षों की नियमित देखभाल और सुरक्षा सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने पंचायत स्तरीय कार्मिकों को सप्ताह में एक बार इस कार्य का निरीक्षण करने के भी निर्देश दिए ताकि श्रमिकों का उत्साह बना रहे।

कुंवारिया के सरपंच ललित श्रीमाली ने बताया कि इस कार्यक्रम से प्रेरित होकर प्रथम वर्ष में 5100 विभिन्न किस्मों के वृक्ष लगाए जाएंगे, जिनमें नीम, जामुन, सीताफल, शहतूत, बांस, गुलमोहर, इमली, अर्जुन, बिलपत्र, केसिया, श्याम अर्जुन, पीपल, गुगल आदि शामिल हैं। इस लोक अरण्य वन में मॉर्निंग वॉक ट्रेक भी तैयार किया जाएगा, जिससे गांव के बच्चे और अन्य लोग मौसम अनुसार फल-फ्रूट खाने का आनंद ले सकें।

इस अवसर पर, सीईओ राठौड़ ने विकास अधिकारी को ग्रामीणों की मांग पर मुख्य सड़क से लोक अरण्य वन तक सड़क निर्माण का प्रस्ताव नरेगा के तहत भिजवाने के निर्देश भी दिए। कार्यक्रम में तहसीलदार ललित यादव, कुंवारिया क्लस्टर प्रभारी राजेश जोशी, राजस्व निरीक्षक कमलेश खटीक, ग्राम विकास अधिकारी महावीर सिंह, धनराज मीणा, विनोद कुमार, कनिष्ठ सहायक शंभुलाल, कैलाश वैष्णव, किशन गुर्जर, पटवारी स्वीटी शर्मा, कृषि पर्यवेक्षक माया साहू, प्रिंसिपल पंकज सालवी, दीनदयाल त्रिवेदी, विनोद तातेड़, विजयप्रकाश जैन, महेश सेन सहित 700 से अधिक स्कूली बच्चे और 381 नरेगा श्रमिकों ने भी वृक्षारोपण कर इस नवाचार में सहभागिता की।

Exit mobile version