बांसवाड़ा। वागड़ की पॉलिटिक्स इन दिनों परवान पर हैं। बाप पार्टी की बढ़ती हुई जमीनी पकड़ की आसमान से टोह लेने अब कांग्रेस छोड़ भाजपा में आए बांसवाड़ा से भाजपा प्रत्याशी महेन्द्रजीतसिंह मालवीया हवाई मैदान में उतरने जा रहे हैं। मालवीया पॉलिटिक्स का हेलिकॉप्टर शॉट खेलेंगे। उनका हालिया चुनावी कार्यक्रम बता रहा है कि 15 से 18 अप्रेल तक वे हेलिकॉप्टर में प्रचार करेंगे। उनके साथ भजपा के अन्य पदाधिकारी, सांसद कनकमल कटारा आदि होंगे। उदयपुर संभाग की किसी भी सीट पर अब तक किसी प्रत्याशी ने हवाई प्रचार नहीं किया है। ऐसे में उडऩखटोला पॉलिटिक्स का शुभारंभ मालवीया से होने जा रहा है। इसके अलावा जानकारों का कहना है कि मेवाड़ और वागड़ में अब तक किसी भी प्रत्याशी ने ऐसा हवाई प्रचार नहीं किया है, तो यह भी अपने आप में नया इतिहास बनने जा रहा है। नामांकन से पहले मालवीया के जो वीडियो वायरल हो रहे थे उनमें मालवीया कहते नजर आ रहे थे कि हेलिकॉप्टर बुक करवा लिए हैं। संभवत: अब उस बुकिंग के राजनीतिक इस्तेमाल का वक्त आ गया है। तय कार्यक्रम के अनुसार महेंद्रजीत सिंह मालवीया, सांसद कनकमल कटारा के साथ बांसवाड़ा डूंगरपुर की सभी विधानसभाओं सीओं पर ताबड़तोड़ चुनावी सभाएं करेंगे। भाजपा लोकसभा चुनाव मीडिया प्रभारी संजय पंड्या के अनुसार मालवीया सांसद कटारा के साथ भाजपा जिलाध्यक्ष लाभ चंद पटेल के साथ कुल 15 और डूंगरपुर जिलाध्यक्ष हरीश पाटीदार, प्रभारी बाबूलाल खराड़ी, दिनेश भट्ट, ओम पालीवाल सहित कई वरिष्ठ नेताओं के साथ 5 चुनावी सभाएं करेंगे। ये सभाएं 15 से 18 अप्रेल तक होनी हैं। बताया जा रहा है कि हर रोज कुल चार सभाएं होने जा रही हैं। 15 अप्रेल को सुबह 11 बजे अरथूना, 12 बजे सागवाड़ा, डेढ़ बजे गमानिया गागड़तलाई, ढाई बजे तांबेसरा सज्जनगढ़, 4 बजे कोहला गढ़ी, 16 अप्रेल को दोपहर 12 बजे जगपुरा, डेढ़ बजे पारडा दरियाटी, ढाई बजे बिछीवाडा, सायं 4 बजे सुरवानिया, 17 अप्रेल को प्रात: 11 बजे डोबा सांगेला जोलाना गढ़ी, दोपहर 12 बजे सेनावासा घाटोल, 1.30 बजे गलियाकोट सागवाड़ा व दोपहर 2.30 बजे मुन्दरी, सायं 4 बजे ऊकाला सज्जनगढ़ तथा 18 अप्रेल को सुबह 11 बजे झोथरी चौरासी, दोपहर 12 बजे पीपलखूंट, घाटोल दोपहर 1.30 बजे दानपुर, बांसवाड़ा, दोपहर 2.30 बजे भोयन घाटी, बागीदौरा व सायं 4 बजे टिमेडा कुशलगढ़ में सभाएं करेंगे।
Discover more from 24 News Update
Subscribe to get the latest posts sent to your email.