जयपुर. राजस्थान में विधानसभा उपचुनाव-2024 के दौरान शांतिपूर्ण, निष्पक्ष, भयमुक्त एवं भेदभाव रहित चुनाव प्रक्रिया के लिए निर्वाचन विभाग के निर्देश पर राजस्थान पुलिस 7 जिलों में अपराधियों और चुनाव को प्रभावित कर सकने वाले संदिग्ध लोगों पर कड़ी कार्यवाही कर रही है। इस क्रम में 16 अक्टूबर से अब तक 45 अवैध पिस्तौल, 25 कारतूस, 63 किलोग्राम विस्फोटक पदार्थ और 46 धारदार हथियार बरामद किए गए हैं।मुख्य निर्वाचन अधिकारी श्री नवीन महाजन ने बताया कि उपचुनाव वाले 7 विधानसभा क्षेत्रों और सम्बंधित जिलों में अपराध नियंत्रण के साथ ही कानून-व्यवस्था की स्थिति पर कड़ी नजर रखी जा रही है। आदर्श चुनाव आचार संहिता की प्रभावी पालना के क्रम में राज्य पुलिस अभियान के तहत अवैध हथियारों तथा वांछित अपराधियों की धरपकड़, लाइसेंसी हथियारों को जमा करने तथा चुनाव प्रक्रिया को प्रभावित कर सकने वाले संदिग्ध व्यक्तियों की पहचान कर उन्हें पाबंद करने की कार्यवाही कर रही है।श्री महाजन के अनुसार, सम्बंधित जिलों से स्थानीय पुलिस द्वारा 15 अक्टूबर को आदर्श चुनाव आचार संहिता लागू होने के बाद से 7 नवम्बर तक की अवधि में 7 जिलों में कुल 21,588 व्यक्तियों को विभिन्न अवांछित गतिविधियों के कारण पाबंद किया गया। कुल 4,280 व्यक्तियों को भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता (बीएनएसएस), 2023 की धाराओं 126, 127, 129 एवं 170 के तहत पाबंद किया है. इसी प्रकार, 17,308 व्यक्तियों को संहिता की उक्त धाराओं के साथ ही धारा 128 और 135(3) के तहत पाबंद किया गया है।राजस्थान पुलिस मुख्यालय की ओर से भारत निर्वाचन आयोग को इस विषय में भेजी गई दैनिक रिपोर्ट के अनुसार, सभी स्थानों पर उपचुनाव संबंधी गतिविधियां आम तौर पर शांतिपूर्ण रूप से चल रही हैं। 7 विधानसभा क्षेत्रों में किसी भी स्थान से चुनावी हिंसा अथवा अनुसूचित जाति एवं जनजाति के उत्पीड़न संबंधी कोई सूचना या शिकायत नहीं मिली है।विभिन्न पुलिस थानों में 18,088 लाइसेंसी हथियार जमा—मुख्य निर्वाचन अधिकारी ने बताया कि आम सुरक्षा की दृष्टि से 7 जिलों के विभिन्न पुलिस थानों में कुल 18,554 लाइसेंसशुदा हथियारों में से 18,088 हथियार जमा करवाए गए हैं। साथ ही, 18 लाइसेंसी हथियार को जब्त किया गया है. श्री महाजन के अनुसार, स्वतंत्र, निष्पक्ष, पारदर्शी और प्रलोभन तथा धन-बल रहित चुनाव प्रक्रिया सुनिश्चित करने के लिए वर्तमान में उपचुनाव क्षेत्रों में 34 अन्त:राज्य और 15 अंतर्राज्यीय पुलिस नाकों सहित कुल 49 स्थानों पर निगरानी की जा रही है। निर्वाचन विभाग द्वारा चुनावी क्षेत्रों के लिए नियोजित 58 उड़न दस्ते (फ्लाइंग स्क्वाड) और 58 स्थैतिक टीमों (एसएसटी) सहित कुल 116 सतर्कता दल भी सक्रिय रूप से निगरानी कर रहे हैं। Share this: Share on X (Opens in new window) X Share on Facebook (Opens in new window) Facebook More Email a link to a friend (Opens in new window) Email Share on WhatsApp (Opens in new window) WhatsApp Like this:Like Loading... Related Discover more from 24 News Update Subscribe to get the latest posts sent to your email. Type your email… Subscribe Post navigation अवैध हथियार, एक नाल बोर बन्दूक के साथ अभियुक्त गिरफ्तार छठ मैया से मांगी सुख-समृद्धि, सूर्य को अर्घ्य देने के साथ पर्व का समापन