24 न्यूज अपडेट. उदयपुर। जिसकी सरकार क्रिकेट में उसका राज की राजस्थानी रवायत अब जड़ें जमा चुकी हैं। सत्ता बदलते ही लोग कुर्सी से उठ जाते हैं या फिर जोर का झटका धीरे से देकर उठ दिए जाते हैं। आरसीए में भी रद्दोबदल की ड्रिल और अंदरखाने की राजनीति अपने चरम पर है। रोज कइयों के विकेट गिर रहे है तो कई हिट विकेट हो रहे हैं। राजस्थान क्रिकेट एसोसिएशन और जोधपुर क्रिकेट एसोसिएशन की कार्यकारिणी को भंग करने के बाद अब सरकार ने चित्तौड़गढ़ जिला क्रिकेट एसोसिएशन की कार्यकारिणी को भंग कर दिया है। सहकारिता विभाग की ओर से 5 सदस्यीय एडहॉक कमेटी बनाई गई है जो अगले 3 महीने में चित्तौड़गढ़ जिला क्रिकेट एसोसिएशन के चुनाव करवाएगी। इस चुनाव में क्या होगा इसका अनुमान आज ही लगाया जा सकता है। अब चित्तौड़गढ़ जिला क्रिकेट एसोसिएशन के पदाधिकारियों ने पूरा आरोप खेल मंत्री राज्यवर्धन सिंह पर मढते हुए उनके ही खिलाफ मोर्चा खोल दिया है। पूर्व सचिव शक्ति सिंह राठौड़ ने आज बयान दिया कि खेल मंत्री राज्यवर्धन सिंह राठौड़ की वजह से चित्तौड़गढ़ जिला क्रिकेट एसोसिएशन की कार्यकारिणी भंग हुई है। वे अपने परिवार के सदस्यों को चित्तौड़गढ़ जिला क्रिकेट एसोसिएशन में शामिल करवाना चाहते थे ताकि राजस्थान क्रिकेट एसोसिएशन का चुनाव लड़वा सकें लेकिन सफल नहीं हुए। उन्होंने पूर्व में हुई बैठकों में भी उनसे यह बात कही। बात नहीं मानी तो एसोसिएशन की जिला कार्यकारिणी को ही भंग करा दिया, जो असंवैधानिक है। अब इस मामले को लेकर वे कोर्ट जाएंगे। शक्ति सिंह राठौड़ आरसीए की पूर्व कार्यकारिणी के उपाध्यक्ष भी रह चुके हैं। पूर्व नेता प्रतिपक्ष राजेंद्र राठौड़ के बेटे पराक्रम सिंह के चूरू में हुए चुनावी विवाद में कार्यकारिणी के खिलाफ जाकर पराक्रम का साथ दिया था। शक्ति सिंह बीजेपी के प्रदेश अध्यक्ष सीपी जोशी के खास है। इस कार्रवाई से अब शौर्य की नगरी में पावर टसल होना तय है।
राज्यवर्धनसिंह राठौड़ की गुगली, प्रदेशाध्यक्ष सीपी के खेमे वाली चित्तौड़गढ़ क्रिकेट एसोसिएशन कार्यकारिणी भंग, सकते में क्रिकेट जगत, एडहॉक कमेटी बनाई

Advertisements
