24 न्यूज़ अपडेट जयपुर। जब नेतागिरी बॉलिंग करने उतर जाए तो भला क्रिकेट की क्या बिसात कि वो सामने टिक पाए। खेला तो होता आया है और होकर रहेगा। सरकार बदलते ही नेताओं की जामात बदल जाती है। यही सच है देश के सबसे महंगे खेल क्रिकेट का। राजस्थान सरकार के कैबिनेट मंत्री हेमंत मीणा ने राजस्थान क्रिकेट एसोसिएशन में एंट्री ले ली है। शुक्रवार को प्रतापगढ़ जिला क्रिकेट संघ के चुनाव का आयोजन हुआ। इसमें कैबिनेट मंत्री हेमंत मीणा जिला क्रिकेट संघ के अध्यक्ष और बीजेपी नेता पिंकेश पोरवाल जिला क्रिकेट संघ के सचिव निर्वाचित हुए। अलवर जिला संघ में भाजपा विधायक जसवंत यादव के बेटे मोहित यादव अध्यक्ष पद पर काबिज हुए। भाजपा सरकार के गठन के बाद फरवरी में सरकार ने राजस्थान क्रिकेट एसोसिएशन की मौजूदा कार्यकारिणी को भंग कर एडहॉक कमेटी का गठन किया था। इसके बाद से लगातार बीजेपी से जुड़े नेता और मंत्री पुत्रों की राजस्थान क्रिकेट एसोसिएशन में एंट्री हो रही है। जब सबकी हसरतें पूरी हो जाएंगी तो राजस्थान क्रिकेट एसोसिएशन के चुनाव का आयोजन भी हो जाएगा। राजस्थान क्रिकेट एसोसिएशन के पदाधिकारी बनने के लिए अब भाजपा नेताओं में ही आपसी खींचतान होगी। अभी पांच वरिष्ठ बीजेपी नेताओं के पुत्र राजस्थान क्रिकेट एसोसिएशन के जिला संघों में पदाधिकारी बन चुके हैं। चिकित्सा मंत्री गजेन्द्र सिंह खींवसर के बेटे धनंजय सिंह नागौर जिला क्रिकेट संघ के अध्यक्ष है। राज्यसभा सदस्य घनश्याम तिवाड़ी के पुत्र आशीष तिवाड़ी सीकर जिला क्रिकेट संघ में कोषाध्यक्ष है। शिक्षा और पंचायतराज मंत्री मदन दिलावर के पुत्र पवन बारां जिला क्रिकेट संघ के कोषाध्यक्ष है। पूर्व मंत्री प्रमोद जैन भाया के पुत्र यश जैन बारां क्रिकेट संघ के अध्यक्ष है। भादरा विधायक संजीव बेनीवाल के बेटे अर्जुन बेनीवाल जिला क्रिकेट संघ में सचिव है। पूर्व सीएम अशोक गहलोत के बेटे वैभव गहलोत आरसीए की कमान संभाल चुके हैं। वर्तमान में वैभव राजसमंद जिला क्रिकेट संघ के कोषाध्यक्ष है। राजस्थान क्रिकेट एसोसिएशन एडहॉक कमेटी के संयोजक और श्रीगंगानगर में विधायक जयदीप बिहाणी श्रीगंगानगर जिला कोषाध्यक्ष है। राजाखेड़ा विधायक रोहित बोहरा धौलपुर जिला क्रिकेट संघ के अध्यक्ष है। रानीवाड़ा विधायक रतन देवासी जालोर जिला क्रिकेट संघ में अध्यक्ष है। पूर्व विधायक संयम लोढ़ा सिरोही जिला क्रिकेट संघ में सचिव हैं।
नेतागिरी की गुगली, खेल के साथ खेला : प्रतापगढ़ क्रिकेट संघ के अध्यक्ष बने कैबिनेट मंत्री हेमंत मीणा

Advertisements
