24 न्यूज अपडेट जयपुर। राजस्थान हाईकोर्ट में नीट परीक्षा को लेकर मंगलवार को सुनवाई होगी। वेकेशन जज जस्टिस भुवन गोयल की अदालत सुनवाई करेगी। राजस्थान हाईकोर्ट की जयपुर पीठ में अब तक 6 से ज्यादा याचिकाएं दायर हो चुकी हैं। इसमें 4 याचिकाओं पर मंगलवार को हाईकोर्ट सुनवाई करेगा। नीट एग्जाम में हुई गड़बड़ियों के चलते पूरी परीक्षा को रद्द करने, परीक्षा की जांच सीबीआई से कराने सहित अन्य मांगें की गई हैं।याचिकाएं दायर करने वाले यश्विनी, तनुजा यादव और यक्शश्री दूबे के वकील राम प्रताप सेनी ने बताया कि नीट परीक्षा को रद्द करके फिर से करवाना प्रमुख मांग है। याचिकाकर्ताओं को 10 मिनट से लेकर आधे घंटे देरी से पेपर दिया गया था। यही नहीं हिंदी माध्यम वालों को अंग्रेजी का पेपर दे दिया गया था। याचिकाकर्ता का सेंटर सवाई माधोपुर के माउन टाउन कस्बे के परीक्षा केन्द्र पर था। यहां 120 अभ्यर्थियों को गलत पेपर दिया गया। हिंदी मीडियम वालों को अंग्रेजी और अंग्रेजी मीडियम वालों को हिंदी का पेपर बांट दिया। करीब 1 घंटे से ज्यादा समय हंगामे में खर्च हो गया। परीक्षा केंद्र वालों ने केवल उन्हीं अभ्यर्थियों को दुबारा परीक्षा देने का मौका दिया, जिन्हें गलत पेपर बांट दिया गया था। इसके अलावा किसी अन्य अभ्यर्थी को मौका नहीं दिया जबकि उनका समय भी हंगामे से खराब हुआ था। सेंटर का रिकॉर्ड कहता है कि 120 में से केवल 116 अभ्यर्थियो ने ही फिर से पेपर दिया। बता दें कि देश के अलग-अलग हाईकोर्ट से लेकर सुप्रीम कोर्ट भी नीट परीक्षा विवाद को लेकर सुनवाई कर रहा हैं। सुप्रीम कोर्ट की दखल के बाद एनटीए ने ग्रेस मार्क्स पाने वाले सभी अभ्यर्थियों के स्कोर कार्ड निरस्त कर दिए हैं। अब इन 1563 अभ्यर्थियों की फिर से परीक्षा होगी। ऐसे में हाईकोर्ट में जिन अभ्यर्थियों ने ग्रेस मार्क्स के लिए याचिकाएं लगाई है। उनकी मांग है कि उन्हें भी फिर से परीक्षा देने का मौका दिया जाए।
नीट परीक्षा को लेकर जयपुर हाईकोर्ट में लगी 6 से ज्यादा याचिकाए, एग्जाम रद्द कर सीबीआई से जांच की मांग

Advertisements
