24 न्यूज अपडेट अजमेर। अजमेर के केसरगंज लालकोठी स्थित डीलक्स बेकरी में चोरी की एक अजीबोगरीब घटना हुई जहां मोटी रकम हाथ लगते ही दो चोर आपस में भिड़ गए। पूरी वारदात बेकरी के अंदर लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई। घटना शनिवार अलसुबह करीब 3 बजे की है। बेकरी मालिक ललित मूलचंदानी ने बताया कि उनके पास ही मकान-दुकान के निर्माण का काम चल रहा है। दो चोर निर्माणाधीन मकान की छत से होकर बेकरी में घुसे। बेकरी में घुसते ही एक चोर ने गल्ले में रखे 5 लाख रुपए निकाल लिए। जैसे ही दोनों चोरों ने 500-500 के नोटों की गड्डियां देखीं, उनके बीच छीना-झपटी शुरू हो गई। दुकान के अंदर ही पैसों के लिए हाथापाई तक की नौबत आ गई। कुछ देर बाद दोनों ने वहीं पर पैसों को आपस में बांट लिया और फरार हो गए। बेकरी मालिक ललित ने सुबह दुकान खोली तो गल्ला खाली पाया। उन्होंने तुरंत सीसीटीवी कैमरे की फुटेज चेक की और घटना का पता चलने पर क्लॉक टावर थाना पुलिस को सूचना दी।
पुलिस को बेकरी मालिक ने फुटेज उपलब्ध कराई है जिसमें चोरी की पूरी वारदात और चोरों की हाथापाई स्पष्ट दिख रही है। ललित मूलचंदानी ने बताया कि यह राशि उन्होंने कंस्ट्रक्शन ठेकेदार और सीमेंट के भुगतान के लिए रखी थी। ठेकेदार पैसे लेने नहीं आया तो 5 लाख रुपए दुकान के गल्ले में ही रख दिए थे। इसके अलावा गल्ले में दो-ढाई हजार रुपए भी थे। चोरी की जांच कर रही क्लॉक टावर थाना पुलिस ने बताया कि बेकरी मालिक की शिकायत पर मामला दर्ज कर लिया गया है। घटना स्थल का मौका मुआयना किया गया और सीसीटीवी फुटेज के आधार पर संदिग्धों की पहचान की कोशिश की जा रही है। पुलिस का कहना है कि जल्द ही चोरों की गिरफ्तारी की जाएगी।
गल्ले में 500 के नोटों की गिड्डियां देख आपस में हाथापाई करने लगे चोर

Advertisements
