24 न्यूज अपडेट. डूंगरपुर। डूंगरपुर में एक अनोखे तरीके से साइबर ठगी करने वाले गिरोह का पर्दाफाश हुआ है। पुलिस ने खेतों में पेड़ पर मचान बनाकर ठगी का संचालन कर रहे आठ अपराधियों को गिरफ्तार किया है। यह गिरोह फर्जी एस्कॉर्ट सर्विस के नाम पर लोगों को ठग रहा था। अब तक एक करोड से अधिक लूट चुके हैं। इन अपराधियों के खिलाफ देशभर में साइबर ठगी की कुल 55 शिकायतें दर्ज हैं। पुलिस ने इनके पास से 16 मोबाइल फोन और 22 फर्जी सिम कार्ड जब्त किए हैं। यह कार्रवाई ऑपरेशन साइबर शील्ड के तहत साइबर थाना और साबला थाना पुलिस द्वारा की गई। पुलिस को इस गिरोह की जानकारी मुखबिर से मिली थी, जिसने बताया कि कुछ लोग पेड़ों पर मचान बनाकर वहां से साइबर ठगी को अंजाम दे रहे हैं। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और छानबीन शुरू की। जब अधिकारियों ने पेड़ों पर बने मचानों की जांच की, तो वहां बैठे ठगों को रंगे हाथ पकड़ लिया गया। उनके मोबाइल फोन और सोशल मीडिया अकाउंट की जांच करने पर फर्जी एस्कॉर्ट सर्विस के नाम पर ठगी करने के पुख्ता प्रमाण मिले।
इस गिरोह के सदस्य पिंडावल, बोडीगामा, पालोदा और वजेपुरा गांवों के रहने वाले हैं। गिरफ्तार आरोपियों में पिंडावल निवासी दलजी पुत्र पाटीदार, जितेंद्र पुत्र परती पाटीदार, बोडीगामा निवासी डायालाल पुत्र ताजेंग पाटीदार, कमलेश पुत्र नारायण पाटीदार, परीक्षित पुत्र भगु पाटीदार, हितेश पुत्र बंशीलाल पाटीदार, पालोदा निवासी राजेश पुत्र गौतम पाटीदार और वजेपुरा निवासी राहुल पुत्र दिनेश चंद्र डामोर शामिल हैं।
इन अपराधियों ने अब तक देशभर में एक करोड़ रुपए से अधिक की ठगी की है। विभिन्न राज्यों में इनके खिलाफ साइबर क्राइम पोर्टल पर शिकायतें दर्ज की गई थीं। पुलिस अब आरोपियों से गहन पूछताछ कर रही है ताकि उनके अन्य साथियों और ठगी के पूरे नेटवर्क का पता लगाया जा सके। इस मामले ने साइबर अपराध के बढ़ते खतरों को उजागर किया है और यह दिखाता है कि अपराधी पुलिस से बचने के लिए लगातार नए-नए तरीके अपना रहे हैं।
खेतों पर मचान बना कर ऑनलाइन फ्रॉड करते हुए देशभर के लोगों से लूट लिए 1 करोड़

Advertisements
