Site icon 24 News Update

कन्हैयालाल हत्याकांड के मुख्य गवाह राजकुमारजी को सांसद मन्नालाल रावत ने प्रदान की 51 हजार की नगद सहायता, घटना के बाद से राजकुमारजी हैं गंभीर बीमार, 11 जुलाई को है बिटिया की शादी

Advertisements

24 न्यूज अपडेट उदयपुर। सांसद मन्नालाल रावत ने मंगलवार को सुबह कन्हैयालाल हत्याकांड में मुख्य गवाह राजकुमार शर्मा व उनके परिजनों से मुलाकात की। इस दौरान सांसद ने राजकुमार की पत्नी पुष्पा देवी को 51 हजार रुपए की नगद सहायता राशि भेंट की। सांसद मन्नालाल रावत भाजपा जिलाध्यक्ष रवींद्र श्रीमाली के साथ सुबह करीब 8 बजे बाबेलों की सहरी रावजी का हाटा स्थित राजकुमार शर्मा के निवास पहुंचे। पार्षद देवेंद्र साहू भी इस दौरान उपस्थित रहे। आपको बता दें कि 11 जुलाई को राजकुमारजी की बेटी का विवाह है। राजकुमारजी हत्याकांड के मुख्य गवाह हैं व घटना के कुछ दिनों बाद से गंभीर रूप से बीमार हैं। उनकी बेटी की शादी में मदद के लिए आज सांसद ने हाथ बढाया है। मन्नालाल रावत व रवींद्र श्रीमाली ने विवाह समारोह की तैयारियों के बारे में चर्चा की। पुष्पादेवी ने बताया कि विवाह की तैयारियां शुरु हो चुकी है और आज गणपति स्थापना है। सांसद ने कहा कि यह तो शुभ दिन है, इसलिए गुड खिलाईये। इस पर पुष्पा देवी ने सभी का मुंह मीठा करवाया। पुष्पादेवी ने कहा कि जिस मौके पर आपने सहायता की है वह हम हमेशा याद रखेंगे। उन्होंने निमंत्रण पत्रिका देकर सांसद मन्नालाल रावत व रवींद्र श्रीमाली को विवाह समारोह में आने का निमंत्रण दिया। इस मौके पर पार्षद देवेंद्र साहू ने राजकुमार शर्मा व एक अन्य गवाह के पुत्र को भी सरकारी नौकरी दिलवाने का आग्रह किया जिस पर सांसद मन्नालाल रावत व रवींद्र श्रीमाली ने पूरा प्रयास करने का भरोसा दिलाया। इस दौरान राजकुमार के परिवार के अन्य सदस्य तथा गणमान्य नागरिक भी उपस्थित थे।

Exit mobile version