24 न्यूज अपडेट, उदयपुर। राजस्थान के स्टूडेंट्स के लिए राहतभरी खबर है। अब उन्हें परीक्षा के लिए महीनों तक इंतजार नहीं करना पड़ेगा। राजस्थान स्टेट ओपन स्कूल (RSOS) ने जुलाई से “ऑन डिमांड एग्जाम” की शुरुआत करने का फैसला लिया है, जिससे स्टूडेंट्स अपनी सुविधा के अनुसार किसी भी विषय का एग्जाम तय तारीख पर दे सकेंगे। इस नई प्रणाली की शुरुआत पहले चरण में जयपुर, उदयपुर और बीकानेर जिलों में की जाएगी।
माध्यमिक शिक्षा विभाग के निवर्तमान निदेशक आशीष मोदी ने जानकारी दी कि इसके लिए डिजिटल सॉफ्टवेयर, एडमिशन पोर्टल और विषयवार प्रश्न बैंक तैयार कर लिया गया है। अब स्टूडेंट्स किसी भी विषय की तैयारी पूरी होने के बाद सीधे परीक्षा दे सकेंगे और यदि किसी विषय में कम अंक आएं तो दोबारा परीक्षा देकर मार्क्स में सुधार भी किया जा सकता है। यह सुविधा खास तौर पर उन स्टूडेंट्स के लिए फायदेमंद होगी जो किसी कारणवश रेगुलर पढ़ाई नहीं कर पाते या नौकरी और व्यापार के साथ पढ़ाई कर रहे हैं। अब वे अपने अनुकूल समय पर और पसंदीदा विषय में परीक्षा देकर 10वीं या 12वीं पास कर सकेंगे।
अब तक ओपन स्कूल में परीक्षा वर्ष में दो बार (मार्च-अप्रैल और अक्टूबर-नवंबर) होती थी, लेकिन 1 जुलाई से लागू हो रही यह नई व्यवस्था छात्रों के लिए लचीलापन लेकर आएगी। स्टूडेंट्स को RSOS की आधिकारिक वेबसाइट पर जाकर रजिस्ट्रेशन करना होगा और फिर मनचाही तारीख पर परीक्षा देनी होगी।
इस बदलाव से हर साल पंजीकृत होने वाले करीब 1.50 लाख स्टूडेंट्स को परीक्षा की सुविधा उनके समय और जरूरत के अनुसार मिल सकेगी। यह पहल न केवल शिक्षा को सुलभ बनाएगी बल्कि समयबद्ध सफलता का रास्ता भी खोलेगी।

