Site icon 24 News Update

आदित्य सीमेंट में इंजीनियर की ऊंचाई से गिरने पर मौत, पिता ने कहा- टॉर्चर कर रहे थे, एक माह बाद पिता बनने वाला था

Advertisements

24 न्यूज अपडेट. चित्तौड़गढ़। आदित्य सीमेंट प्लांट में एक घटना ने कई सवाल खड़े कर दिए। एक इंजीनियर की ऊंचाई से गिरने से मौत हो गई। इंजीनियर साइट पर चेकिंग का काम कर रहा था। घायल को हॉस्पिटल लेकर गए। वहां से जिला हॉस्पिटल ले जाया गया मगर जान नहीं बच पाई। इंजनियर मांडल, भीलवाड़ा का रहने वाला था। परिवार को सूचना दी गई व शव का पोस्टमार्टम किया गया। परिवार ने आते ही शव लेने से मना कर दिया। पिता ने फैक्ट्री के एचओडी पर उनके बेटे को टॉर्चर करने का आरोप लगाया है। फैक्ट्री मैनेजमेंट के खिलाफ मामला दर्ज करके कार्रवाई करने की मांग की है। बताया जा रहा कि काम करने के दौरान सुरक्षा का इंतजाम नहीं था। हादसा शंभूपुरा तहसील के सावा कस्बे में स्थित कंपनी के प्लांट में शनिवार सुबह 11 बजे हुआ। एएसआई जगवीर सिंह ने बताया कि मांडल, भीलवाड़ा हाल आदित्य सीमेंट की स्टॉफ कॉलोनी निवासी निखिल (28) पुत्र दिनेश सनाढ्य जनरल शिफ्ट में काम करने फैक्ट्री गए। कुछ देर बाद प्रोजेक्ट साइट पर गए व साइलो के ऊपर चेकिंग कर रहे थे, इस दौरान निखिल नीचे गिर गया। साथियों ने देखा तो आदित्य सीमेंट हॉस्पिटल ले जाया गया, जहां से जिला हॉस्पिटल रेफर किया गया। करीब एक बजे निखिल को जिला हॉस्पिटल लाने के बाद डॉक्टर ने मृत घोषित कर दिया। सावा पुलिस आई व परिजनों को बताया। परिवार से मृतक का छोटा भाई प्रफुल्ल कुमार (24) आया। निखिल के शव का पोस्टमार्टम किया गया। भाई प्रफुल्ल कुमार ने पुलिस में रिपोर्ट सौंपी है। पिता दिनेश कुमार ने शव लेने से मना कर दिया और मैनेजमेंट पर आरोप लगाया। बताया कि बेटा निखिल पहले वंडर सीमेंट में काम करता था। 7-8 महीने पहले वंडर सीमेंट की नौकरी छोड़कर आदित्य सीमेंट ज्वाइन की थी। बिना अवकाश दिए उससे लगातार काम करवाया जा रहा था। निखिल कई बार फोन कर उनके सामने रोया था। नेपाल चला जाना चाहता था। वहां के सीमेंट फैक्ट्री में काम करना चाहता था। वाइफ मोनू प्रेग्नेंट है, इसलिए रोक लिया। दोनों पति-पत्नी यहीं सावा के फैक्ट्री के स्टाफ कॉलोनी में रहते है। एक महीने बाद पत्नी की डिलीवरी होनी है। पत्नी नाथद्वारा के पास अपने मायके ओड चली गई। बेटे को बार बार टॉर्चर किया गया। फैक्ट्री मैनेजमेंट का कहना है कि निखिल 13 फीट की हाइट से गिरा। साथियों ने बताया कि निखिल ने ऊंचाई पर जाने के दौरान कोई भी सुरक्षा उपकरण काम में लिया ना मैनेजमेंट ने इस ओर ध्यान दिया। शरीर में मल्टीपल फैक्चर सामने आए हैं, चेस्ट में भी चोट मिली। इस बारे में मैनेजमेंट का पक्ष आने पर अलग से खबर बनाकर सूचित किया जाएगा।

Exit mobile version