उदयपुर, 16 अक्टूबर। फतहसागर की पाल शुक्रवार को युवाओं के जोश और सामाजिक जागरूकता के संदेश की गवाह बनी। यहां आयोजित राज्यस्तरीय ‘रेड रन’ मैराथन में राजस्थान के 50 से अधिक महाविद्यालयों के सैकड़ों धावकों ने भाग लिया। दौड़ के जरिए एचआईवी-एड्स के प्रति जागरूकता बढ़ाने, इससे जुड़ी भ्रांतियां दूर करने और स्वैच्छिक रक्तदान का संदेश दिया गया। प्रतियोगिता के छात्र और छात्रा वर्ग में प्रथम व द्वितीय स्थान हासिल करने वाले चार धावक आगामी राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिता में राजस्थान का प्रतिनिधित्व करेंगे। मोहनलाल सुखाड़िया विश्वविद्यालय के पुस्तकालय एवं सूचना विज्ञान विभाग, राजस्थान स्टेट एड्स कंट्रोल सोसायटी, जयपुर और राष्ट्रीय एड्स नियंत्रण संगठन (नाको), दिल्ली के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित मैराथन महाकालेश्वर मंदिर से शुरू हुई। धावक रानी रोड होते हुए फतहसागर पाल पहुंचे, जहां प्रतियोगिता का समापन हुआ। ‘बीमारी से लड़ें, मरीज से नहीं’ कार्यक्रम के मुख्य अतिथि सामाजिक एवं मानविकी महाविद्यालय के अधिष्ठाता प्रो. नीरज शर्मा ने कहा कि प्रतियोगिता में हिस्सा लेने वाला प्रत्येक प्रतिभागी विजेता है। खेल में हार-जीत स्वाभाविक है, लेकिन किसी सकारात्मक उद्देश्य के लिए आगे आना भी अपने आप में उपलब्धि है। उन्होंने कहा कि एचआईवी-एड्स के प्रति जागरूकता फैलाने में युवा महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकते हैं। सही जानकारी से भ्रांतियों को दूर किया जा सकता है और बीमारी से प्रभावित लोगों के प्रति भेदभाव खत्म करने की दिशा में समाज को आगे बढ़ाया जा सकता है। उन्होंने युवाओं से अपील की कि बीमारी के खिलाफ संघर्ष करें, मरीज के खिलाफ नहीं। प्रभावित व्यक्तियों को सहानुभूति के बजाय समझ, सम्मान और समान व्यवहार मिलना चाहिए। राजस्थान स्टेट एड्स कंट्रोल सोसायटी के प्रतिनिधि ललित चौहान और सीताराम ने भी युवाओं की भागीदारी की सराहना की। आयोजन में एचआईवी-एड्स पर खुली चर्चा, जागरूकता और जिम्मेदार स्वास्थ्य व्यवहार को महत्वपूर्ण बताया गया। निखिल प्रजापत और पूजा मीणा अव्वल छात्र वर्ग में सुबोध पीजी कॉलेज, जयपुर के निखिल प्रजापत ने पहला स्थान प्राप्त किया। इसी कॉलेज के साहिल मीणा दूसरे और उपलब्ध कराई गई जानकारी के अनुसार हमरचंद विश्वविद्यालय के रवि तेजस्वी तीसरे स्थान पर रहे। छात्रा वर्ग में एसएसजी पारीक महाविद्यालय, चौमूं की पूजा मीणा प्रथम रहीं। मीरा कन्या महाविद्यालय, उदयपुर की छाया माली ने दूसरा और दीपिका जांगिड़ ने तीसरा स्थान हासिल किया। दोनों वर्गों के प्रथम और द्वितीय स्थान प्राप्त करने वाले धावक राष्ट्रीय स्तर की आगामी रेड रन प्रतियोगिता में राजस्थान का प्रतिनिधित्व करेंगे। पदक और प्रशस्ति पत्र देकर किया सम्मानित आयोजन संयोजक डॉ. पी.एस. राजपूत ने प्रतियोगिता से जुड़ी जानकारी दी। समापन सत्र में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले धावकों को पदक और प्रशस्ति पत्र प्रदान किए गए। इस अवसर पर विश्वविद्यालय के डॉ. नवीन छापरवाल, डॉ. जितेंद्र सुहालका, अनुज यादव, जितेंद्र मेघवाल, श्रवण श्रीमाली, दिनेश चंद्र गुर्जर और प्रमोद बैरागी सहित विभिन्न महाविद्यालयों के रेड रिबन क्लब प्रभारी, संकाय सदस्य, शोधार्थी और बड़ी संख्या में विद्यार्थी मौजूद रहे। जागरूकता की दौड़ का संदेश रेड रन का उद्देश्य खेल के माध्यम से स्वास्थ्य संबंधी जागरूकता को युवाओं और आमजन तक पहुंचाना है। एचआईवी-एड्स को लेकर गलत धारणाएं दूर करना, संक्रमित व्यक्तियों के साथ भेदभाव रोकना और स्वैच्छिक रक्तदान के प्रति सकारात्मक दृष्टिकोण विकसित करना इस पहल के प्रमुख संदेश रहे। फतहसागर से निकला यह संदेश अब राष्ट्रीय प्रतियोगिता में राजस्थान का प्रतिनिधित्व करने वाले धावकों के साथ आगे बढ़ेगा। Share this: Share on X (Opens in new window) X Share on Facebook (Opens in new window) Facebook More Email a link to a friend (Opens in new window) Email Share on WhatsApp (Opens in new window) WhatsApp Like this:Like Loading… Related Discover more from 24 News Update Subscribe to get the latest posts sent to your email. Type your email… Subscribe Post navigation फतहसागर पाल पर पर्यटकों को मिलेगी पुलिस की मदद, सात बूथ और 24 पेट्रोलिंग टीमें संभालेंगी सुरक्षा कामिनी गुर्जर को पीएचडी, बाल अधिकारों पर किया भारतीय और विदेशी मॉडलों का तुलनात्मक अध्ययन