24 News Update उदयपुर। राजस्थान विद्यापीठ (डीम्ड) विश्वविद्यालय का 40वां स्थापना दिवस आगामी 12 जनवरी को एग्रीकल्चर संकाय स्थित कृषि भवन के सभागार में प्रातः 10 बजे समारोहपूर्वक मनाया जाएगा। स्थापना दिवस समारोह की तैयारियों को लेकर शुक्रवार को विश्वविद्यालय परिसर में कुलपति प्रो. शिवसिंह सारंगदेवोत की अध्यक्षता में एक महत्वपूर्ण तैयारी बैठक आयोजित की गई।
बैठक में कुलपति प्रो. सारंगदेवोत ने बताया कि स्थापना दिवस समारोह में विश्वविद्यालय के डीन, डायरेक्टर, अकादमिक एवं गैर-अकादमिक कर्मचारी, विद्यार्थी, शहर के गणमान्य नागरिकों के साथ-साथ विद्यापीठ के पूर्व कार्यकर्ता भी सहभागिता करेंगे। आयोजन की सुचारु व्यवस्था हेतु विभिन्न समितियों का गठन किया गया है, जिन्हें अलग-अलग दायित्व सौंपे गए हैं।
कुलपति ने विद्यापीठ की ऐतिहासिक पृष्ठभूमि पर प्रकाश डालते हुए बताया कि सुदूर आदिवासी अंचलों एवं वंचित वर्ग तक शिक्षा की लौ पहुंचाने के उद्देश्य से संस्थापक मनीषी पंडित जनार्दनराय नागर (जनुभाई) ने वर्ष 1937 में मात्र तीन रुपये और पांच कार्यकर्ताओं के साथ इस संस्था की नींव रखी थी। स्वतंत्रता से एक दशक पूर्व आरंभ हुई यह शिक्षण यात्रा 12 जनवरी 1987 को एक महत्वपूर्ण पड़ाव पर पहुंची, जब विश्वविद्यालय अनुदान आयोग (यूजीसी) द्वारा इसे डीम्ड विश्वविद्यालय का दर्जा प्रदान किया गया।
स्थापना दिवस समारोह के प्रारंभ में श्रमजीवी महाविद्यालय एवं प्रतापनगर स्थित केन्द्रीय परिसर में स्थापित जनुभाई की आदमकद प्रतिमा पर पुष्पांजलि अर्पित कर उन्हें नमन किया जाएगा।
बैठक में प्रो. सरोज गर्ग, प्रो. गजेन्द्र माथुर, डॉ. शैलेन्द्र मेहता, डॉ. निवेदिता, डॉ. अमी राठौड़, डॉ. राजन सूद, डॉ. लीली जैन, डॉ. बबीता रशीद, डॉ. बी.एल. श्रीमाली, निजी सचिव कृष्णकांत कुमावत, डॉ. अपर्णा श्रीवास्तव, डॉ. हिम्मत सिंह चूण्डावत सहित आयोजन से जुड़ी विभिन्न समितियों के सदस्य उपस्थित रहे।
Discover more from 24 News Update
Subscribe to get the latest posts sent to your email.