Site icon 24 News Update

विद्यापीठ : ‘अभ्युदय वार्षिकोत्सव–2025’ का भव्य आयोजन, रंगारंग प्रस्तुतियों से सजा मंच

Advertisements

24 News Update उदयपुर। राजस्थान विद्यापीठ के संघटक लोकमान्य तिलक शिक्षक प्रशिक्षण महाविद्यालय में आयोजित अभ्युदय वार्षिकोत्सव–2025 का शुभारंभ महाविद्यालय सभागार में गरिमामय वातावरण में हुआ। कार्यक्रम का उद्घाटन कुलपति कर्नल प्रो. शिवसिंह सारंगदेवोत, कुलाधिपति कुल प्रमुख भंवरलाल गुर्जर, विशिष्ट अतिथि सरल ब्लड बैंक संस्थापक डॉ. श्याम एस. सिंघवी एवं प्राचार्य प्रो. सरोज गर्ग ने मां सरस्वती की प्रतिमा पर पुष्पांजलि अर्पित कर एवं दीप प्रज्ज्वलन कर किया।
वार्षिकोत्सव के अनुरूप विद्यार्थियों ने भारतीय संस्कृति की विविध झलकियों को मंच पर जीवंत करते हुए रंगारंग सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दीं। कार्यक्रम का शुभारंभ गणपति वंदना से हुआ। इसके पश्चात ‘ऑपरेशन सिंदूर’, भारतीय सनातन संस्कृति के चारों युगों पर आधारित नाट्य प्रस्तुति एवं गीतों ने दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया। विद्यार्थियों ने राजस्थानी, पंजाबी एवं रिमिक्स गीतों पर उत्साहपूर्ण प्रस्तुतियां दीं। समरोह में अभिनेता धमेन्द्र पर फिल्माए गए सदाबहार एवं लोकप्रिय गीतों के माध्यम से संगीतमय श्रद्धांजलि भी अर्पित की गई।
समारोह में महाविद्यालय द्वारा आयोजित विभिन्न प्रतियोगिताओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को प्रमाण पत्र एवं स्मृति चिन्ह प्रदान कर सम्मानित किया गया। इस अवसर पर कुलपति प्रो. शिवसिंह सारंगदेवोत ने कहा कि विज्ञान एवं तकनीक का मानवीय संवेदनाओं और मूल्यों के साथ संतुलन ही समाज को नई उन्नति और समग्र विकास की दिशा में ले जाएगा। उन्होंने भारतीय सिद्धांतों, परंपराओं एवं पारिवारिक मूल्यों के महत्व पर प्रकाश डालते हुए छात्राध्यापकों से अपने प्रत्येक कार्य के प्रति सजग एवं उत्तरदायी रहने का आह्वान किया। साथ ही युवाओं को अपने सपनों को साकार करने हेतु निरंतरता और पूर्ण समर्पण के साथ कार्य करने का संदेश दिया। प्रारंभ में प्राचार्य प्रो. सरोज गर्ग ने अतिथियों का स्वागत करते हुए महाविद्यालय का वार्षिक प्रतिवेदन प्रस्तुत किया। कार्यक्रम का संचालन सांस्कृतिक प्रभारी डॉ. हरीश चन्द्र चौबीसा ने किया तथा आभार डॉ. बलिदान जैन ने व्यक्त किया।इस अवसर पर डॉ. एन. मोगरा, डॉ. अमी राठौड़, डॉ. बलिदान जैन, डॉ. हरीश चन्द्र चौबीसा, डॉ. भूरालाल श्रीमाली, डॉ. अनिता कोठारी, डॉ. सरिता मेनारिया, डॉ. हिम्मत सिंह चुण्डावत, डॉ. रोहित कुमावत सहित समस्त विभागाध्यक्ष, संकाय सदस्य एवं बड़ी संख्या में विद्यार्थी उपस्थित रहे और समारोह का भरपूर आनंद लिया।

Exit mobile version