24 न्यूज अपडेट, उदयपुर। जनार्दनराय नागर राजस्थान विद्यापीठ डीम्ड टू बी विश्वविद्यालय का 20वां दीक्षांत समारोह शुक्रवार सुबह 10ः30 बजे डबोक स्थित एग्रीकल्चर महाविद्यालय सभागार में आयोजित होगा। समारोह में मुख्य अतिथि केंद्रीय संस्कृति एवं पर्यटन मंत्री गजेन्द्र सिंह शेखावत पीएचडी धारकों को डिग्री तथा उत्कृष्ट स्नातक एवं स्नातकोत्तर विद्यार्थियों को स्वर्ण पदक प्रदान करेंगे।

विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. शिवसिंह सारंगदेवोत ने प्रेसवार्ता में बताया कि उनके कार्यकाल का यह 18वां दीक्षांत समारोह है, जिसका श्रेय उन्होंने विश्वविद्यालय के कार्यकर्ताओं को दिया। समारोह में विशिष्ट अतिथि के रूप में उदयपुर सांसद मन्नालाल रावत एवं एमपीयूएटी के कुलपति प्रो. अजीत कुमार कर्नाटक उपस्थित रहेंगे, जबकि अध्यक्षता कुलाधिपति प्रो. भंवर लाल गुर्जर करेंगे।
इस अवसर पर केंद्रीय मंत्री शेखावत को सार्वजनिक जीवन में नवाचारों के लिए डी.लिट की उपाधि से सम्मानित किया जाएगा। समारोह से पूर्व उन्हें एनसीसी कैडेट्स द्वारा गार्ड ऑफ ऑनर भी दिया जाएगा।
गुरुवार को समारोह की तैयारियों के तहत अकादमिक प्रोसेसन का मिनिट टू मिनिट पूर्वाभ्यास किया गया, जिसमें विश्वविद्यालय के वरिष्ठ अधिकारी, डीन और निदेशकगण शामिल हुए। दीक्षांत समारोह में निर्धारित ड्रेस कोड अनिवार्य रहेगा कृ उपाधिधारकों के लिए सफेद कुर्ता-पायजामा और छात्राओं के लिए सफेद सलवार-कुर्ता या साड़ी निर्धारित की गई है।
प्रेसवार्ता में रजिस्ट्रार डॉ. तरुण श्रीमाली, परीक्षा नियंत्रक डॉ. पारस जैन और स्पोर्ट्स बोर्ड सचिव डॉ. भवानीपाल सिंह भी उपस्थित थे। यह जानकारी विश्वविद्यालय के निजी सचिव के.के. कुमावत ने साझा की।

Discover more from 24 News Update
Subscribe to get the latest posts sent to your email.