Site icon 24 News Update

उदयपुर में कल होगा वीडीओ भर्ती परीक्षा का आयोजन, 38 हजार से ज्यादा अभ्यर्थी देंगे परीक्षा

Advertisements

24 News Update उदयपुर. राजस्थान कर्मचारी चयन बोर्ड द्वारा आयोजित वीडीओ (ग्राम विकास अधिकारी) भर्ती परीक्षा का आयोजन कल रविवार को उदयपुर सहित प्रदेशभर में होगा। परीक्षा एक ही पारी में सुबह 11 बजे से दोपहर 2 बजे तक आयोजित की जाएगी। अभ्यर्थियों को सुबह 10 बजे तक परीक्षा केंद्र में प्रवेश मिल सकेगा।
उदयपुर जिले में कुल 121 परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं, जहां 38,094 अभ्यर्थियों के बैठने की व्यवस्था की गई है। परीक्षा के दौरान बायोमैट्रिक वेरिफिकेशन के बाद ही अभ्यर्थियों को प्रवेश मिलेगा ताकि नकल और फर्जीवाड़े पर रोक लगाई जा सके।
इस परीक्षा की निगरानी के लिए प्रशासन ने 21 फ्लाइंग स्क्वायड गठित किए हैं। हर स्क्वायड में एक प्रशासनिक अधिकारी, शिक्षा अधिकारी और पुलिसकर्मी शामिल रहेंगे।
उदयपुर के सरकारी और निजी स्कूलों को परीक्षा केंद्र बनाया गया है। इनमें सबसे दूर का केंद्र पीएम श्री काया स्कूल है, जो शहर से करीब 20 किलोमीटर की दूरी पर स्थित है। इसके अलावा इंडो अमेरिकन स्कूल (बलीचा), अरावली टीटी कॉलेज (देबारी) और सीसारमा का सरकारी स्कूल जैसे स्थानों पर भी परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं। यह परीक्षा 850 पदों के लिए आयोजित की जा रही है, जिसमें उदयपुर सहित राजस्थान के कई जिलों के अभ्यर्थी भाग ले रहे हैं।
आने वाली परीक्षाएं भी तय
इसी महीने 9 नवंबर को राजस्थान लोक सेवा आयोग (RPSC) द्वारा उप निरीक्षक (दूरसंचार) परीक्षा-2024 आयोजित की जाएगी। यह परीक्षा गृह विभाग के 98 पदों के लिए ली जाएगी। परीक्षा 5 संभाग मुख्यालयों पर आयोजित होगी और इसमें 77 हजार से अधिक अभ्यर्थी शामिल होंगे। RPSC ने जानकारी दी है कि इस परीक्षा के प्रवेश पत्र 6 नवंबर को जारी किए जाएंगे।
इस महीने दो रविवार को प्रमुख भर्ती परीक्षाएं आयोजित की जा रही हैं — पहला कर्मचारी चयन बोर्ड द्वारा और दूसरा RPSC द्वारा।

Exit mobile version