24 News Update उदयपुर। विश्व विख्यात शिल्पी एवं सौ विश्व रिकॉर्ड होल्डर डॉ. इक़बाल सक्का ने 79वें स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर देश को एक अनोखा तोहफ़ा समर्पित किया है। उन्होंने मात्र 2 मिलीमीटर आकार का चांदी का तिरंगा झंडा और विश्व के सबसे छोटे 6 सोने के वायुयान तैयार किए हैं, जिन्हें भारतीय आधुनिक कला संग्रहालय, भारत सरकार, नई दिल्ली को भेंट किया जाएगा।
डॉ. सक्का ने बताया कि ये वायुयान स्वतंत्रता दिवस की थीम पर तैयार किए गए हैं, जो देश की आन, बान और शान का प्रतीक हैं। उन्होंने इनके नाम रखे हैं — शिक्षा विमान, विज्ञान विमान, किसान विमान, इंडिया विमान, हिंद विमान और भारत विमान। सभी वायुयानों का वजन 1 ग्राम सोना है, जिनमें मीना कार्य, पंखे, पहिए और लाइट की सूक्ष्म सजावट की गई है, जिन्हें केवल लेंस की मदद से देखा जा सकता है।
उन्होंने बताया कि 2 मिलीमीटर आकार के तिरंगे झंडे और 3×2 मिलीमीटर के इन वायुयानों को तैयार करने में उन्हें 10 दिन का समय लगा। इस अनोखी कृति को स्वतंत्रता दिवस पर भारतीय आधुनिक कला संग्रहालय को भेंट करने के लिए प्रधानमंत्री एवं भारत सरकार के कला एवं सांस्कृतिक मंत्रालय को पत्र भी भेजा गया है।
डॉ. सक्का का यह अद्भुत कार्य न केवल सूक्ष्म कला में उनकी निपुणता का उदाहरण है, बल्कि देशप्रेम और सृजनशीलता का भी अनूठा संदेश देता है।

