24 News Update उदयपुर। दीपावली के पर्व पर जिला कुश्ती संघ की ओर से स्थानीय माहेश्वरी सेवा सदन, तीज का चौक में गुरुवार को दीपावली स्नेह मिलन एवं स्नेह भोज समारोह का आयोजन हुआ। कार्यक्रम की अध्यक्षता संघ अध्यक्ष पारस सिंघवी ने की, जबकि मुख्य अतिथि के रूप में वरिष्ठ खेल प्रशासक व जिला ओलंपिक संघ के पदाधिकारी सुधीर बक्शी उपस्थित रहे।
संघ के संयुक्त सचिव देवेन्द्र साहू ने बताया कि कार्यक्रम में विभिन्न अखाड़ों के उस्तादों, वरिष्ठ पहलवानों और जिला कुश्ती संघ के पदाधिकारियों ने भाग लिया।
विशिष्ट अतिथि के रूप में जिला ओलंपिक संघ के सचिव जालमचंद जैन, कोषाध्यक्ष एवं उद्योगपति धीरेंद्र सचान, पूर्व साईं कोच कैलाश पालीवाल, सचिव दीपक राजौरा, वरिष्ठ उपाध्यक्ष सिद्धार्थ शर्मा, उपाध्यक्ष प्रहलाद चौहान, राजेन्द्र भाटी सहित कई गणमान्य उपस्थित रहे।
उस्तादों ने रखे विचार, आगामी प्रतियोगिता पर चर्चा
कार्यक्रम की शुरुआत स्वागत भाषण से हुई, जिसके बाद सभी अखाड़ों के उस्तादों ने कुश्ती के विकास और खिलाड़ियों की समस्याओं पर अपने विचार रखे।
उस्ताद डॉ. हरीश राजौरा ने बताया कि आगामी 22 और 23 नवम्बर 2025 को सीनियर राज्य स्तरीय कुश्ती प्रतियोगिता आयोजित की जाएगी, जिसकी तैयारियां जोरों पर हैं।
अध्यक्ष पारस सिंघवी ने किया विकास का आश्वासन
अपने उद्बोधन में अध्यक्ष पारस सिंघवी ने कहा कि राजस्थान कुश्ती संघ अध्यक्ष श्री राजीव दत्ता की मंशा के अनुरूप उदयपुर में जिला कुश्ती संघ के निर्विरोध चुनाव संपन्न हुए हैं।
उन्होंने कहा कि अब जिले के सभी अखाड़ों को और सशक्त किया जाएगा, ताकि उदयपुर के पहलवान राज्य और राष्ट्रीय स्तर पर अधिक से अधिक पदक हासिल कर सकें।
वरिष्ठ अतिथि सुधीर बक्शी ने याद किए पुराने स्वर्णिम पल
मुख्य अतिथि सुधीर बक्शी ने कहा कि उदयपुर ने पहले भी कई राज्य और राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिताओं की मेजबानी की है। उन्होंने दिवंगत उस्तादों — करन सिंह, अर्जुन राजौरा, वेदप्रकाश यादव, गणेश राजौरा, ओमप्रकाश सेन सहित कई महान खिलाड़ियों को याद किया।
अंत में विभिन्न अखाड़ों के उस्तादों और पहलवानों ने नव-निर्वाचित अध्यक्ष पारस सिंघवी का पगड़ी, माला और उपरना पहनाकर स्वागत किया। कार्यक्रम का संचालन संयुक्त सचिव देवेन्द्र साहू ने किया तथा सचिव दीपक राजौरा ने धन्यवाद ज्ञापित किया।
कार्यक्रम के पश्चात स्नेह भोज का आयोजन हुआ, जिसमें सैकड़ों पहलवानों ने सहभागिता की।
Discover more from 24 News Update
Subscribe to get the latest posts sent to your email.