24 News Update. उदयपुर। उदयपुर ने प्रशासनिक गौरव काल में आज कदम रख लिए हैं। नवनियुक्त जिला कलेक्टर गौरव अग्रवाल शुक्रवार को उदयपुर पहुंचे, जहां सर्किट हाउस में प्रशासनिक अमले ने औपचारिक स्वागत किया। स्वागत में एडीएम प्रशासन दीपेंद्र सिंह, एडीएम सिटी जितेंद्र ओझा, एसडीएम गिरवा अवुला साइकृष्ण और एसडीएम गोगुंदा शुभम भैंसारे समेत कई अधिकारी मौजूद रहे। पुष्प गुच्छे भेंट कर अधिकारियों ने कलेक्टर का अभिनंदन किया। करियर में वे विभिन्न जिलों में उपखंड अधिकारी (SDM) और जिला स्तरीय प्रशासनिक पदों पर कार्य कर चुके हैं। प्रशासनिक दक्षता, कानून-व्यवस्था प्रबंधन और विकास योजनाओं के क्रियान्वयन में उनकी पहचान एक परिणामोन्मुख अधिकारी के रूप में रही है। वे सुशासन, पारदर्शिता और जनसुनवाई तंत्र को मजबूत करने पर जोर देते हैं तथा शिक्षा, डिजिटल गवर्नेंस और बुनियादी ढांचे के सुधार जैसे क्षेत्रों में सक्रिय भूमिका निभाते रहे हैं।
उदयपुर, 3 अप्रैल। उदयपुर जिले के नवनियुक्त जिला कलक्टर श्री गौरव अग्रवाल शुक्रवार को उदयपुर पहुंचे। उन्होंने दोपहर बाद कलक्ट्रेट पहुंचकर कार्यभार संभाला। मीडियाकर्मियों से रूबरू होते हुए श्री अग्रवाल ने कहा कि केंद्र एवं राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं को अंतिम छोर तक पहुंचाकर आमजन को अधिकतम लाभ दिलाना और जिले में विकास कार्यों को नई गति प्रदान करना तथा उदयपुर में पर्यटन विकास उनकी प्राथमिकता रहेगी।
श्री अग्रवाल शुक्रवार दोपहर सर्किट हाउस पहुंचे। वहां एडीएम प्रशासन दीपेंद्रिंसह राठौड़, एडीएम सिटी जितेंद्र ओझा, गिर्वा एसडीएम अवुला सांईकृष्ण आदि ने उनकी अगवानी की। इसके बाद श्री अग्रवाल करीब 3.30 बजे कलक्ट्रेट पहुंचे। वहां उन्होंने विधिवत रूप से कार्यभार संभाला। इस अवसर पर दोनों एडीएम, गिर्वा एसडीएम श्री सांइकृष्ण, प्रशिक्षु आईएएस सृष्टि डबास, युडीए सचिव हेमेंद्र नागर सहित विभिन्न विभागों के जिला स्तरीय अधिकारी और कलक्ट्रेट स्टाफ ने उनका स्वागत किया। पदभार ग्रहण करने के बाद श्री अग्रवाल ने अधिकारियों के साथ संक्षिप्त परिचय बैठक भी ली और जिले की वर्तमान प्रशासनिक व्यवस्थाओं, प्रमुख योजनाओं तथा विकास कार्यों की प्रगति की जानकारी प्राप्त की। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि सभी विभाग आपसी समन्वय के साथ कार्य करते हुए योजनाओं का प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित करें, ताकि पात्र व्यक्तियों तक समय पर लाभ पहुंच सके।
पर्यटन की दृष्टि से उदयपुर राजस्थान का चेहरा – अग्रवाल
मीडिया से बातचीत में जिला कलक्टर श्री अग्रवाल ने कहा कि पर्यटन की दृष्टि से उदयुपर पूरे राजस्थान का चेहरा है। राजस्थान की हॉस्पीटेलिटी उदयुपर के नाम से ही जानी जाती है। यहां का गौरवशाली इतिहास और प्राकृतिक सौंदर्य पूरे विश्व को आकर्षित करता है। इस गौरवशाली पहचान को बनाए रखने के साथ-साथ पर्यटन सुविधाओं का विस्तार, स्वच्छता व्यवस्था में सुधार और पर्यटकों के लिए बेहतर अनुभव सुनिश्चित करने की दिशा में ठोस कदम उठाए जाएंगे। उन्होंने कहा कि प्रशासन की प्राथमिकता आमजन की समस्याओं का त्वरित समाधान करना और शासन की योजनाओं को जमीनी स्तर तक पहुंचाना होगी। उन्होंने कहा कि जनसुनवाई तंत्र को और अधिक सुदृढ़ किया जाएगा, जिससे लोगों की शिकायतों का समयबद्ध और पारदर्शी निस्तारण हो सके। कलेक्टर अग्रवाल ने कहा कि जिले में शिक्षा, स्वास्थ्य, पेयजल, सड़क और अन्य आधारभूत सुविधाओं के विकास पर विशेष ध्यान दिया जाएगा। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि आमजन से जुड़े कार्यों में संवेदनशीलता, पारदर्शिता और जवाबदेही के साथ कार्य करें, ताकि लोगों का प्रशासन पर विश्वास और मजबूत हो सके। उन्होंने विश्वास जताया कि जिला प्रशासन की टीम भावना और समर्पण के साथ कार्य करते हुए उदयपुर को विकास के नए आयामों तक पहुंचाया जाएगा।

