उदयपुर। अवैध मादक पदार्थों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान “ऑपरेशन त्रिनेत्र” के तहत हाथीपोल थाना पुलिस ने 4.5 किलोग्राम चरस तस्करी में प्रयुक्त कार के वास्तविक मालिक को गिरफ्तार किया है।
यह कार्रवाई महानिरीक्षक पुलिस उदयपुर रेंज गौरव श्रीवास्तव द्वारा संचालित अभियान के अंतर्गत की गई। जिला पुलिस अधीक्षक योगेश गोयल के निर्देशानुसार अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (शहर) उमेश ओझा एवं वृताधिकारी नगर पश्चिम राजेश यादव के सुपरविजन में थाना हाथीपोल पुलिस ने कार्रवाई की।
पूर्व प्रकरण से जुड़ा मामला
मामला पुलिस थाना सुखेर के प्रकरण संख्या 680/2022, धारा 8/20, 8/25, 8/29 एनडीपीएस एक्ट से संबंधित है। इस मामले में पूर्व में आरोपी चन्द्रशेखर, कुलदीप, गौरव एवं राजकुमार को 4.5 किलो अवैध चरस की तस्करी के आरोप में गिरफ्तार किया जा चुका है।
जांच के दौरान सामने आया कि तस्करी में प्रयुक्त कार बिना रजिस्ट्रेशन की थी और उस पर फर्जी नंबर प्लेट लगी हुई थी। घटना के समय चालक राजकुमार मौके से फरार हो गया था, जिससे वाहन के वास्तविक मालिक की पहचान नहीं हो सकी थी।
तकनीकी जांच से खुलासा
पुलिस टीम ने कार शोरूम का पता लगाकर वाहन के वास्तविक मालिक की जानकारी जुटाई। जांच में कार का मालिक भंवर सिंह निवासी उदयपुर होना सामने आया। आरोपी की तलाश की गई, लेकिन वह फरार मिला। इसके बाद गठित टीम ने तकनीकी संसाधनों और मुखबिर तंत्र की सहायता से 21 फरवरी 2026 को उसे दस्तयाब कर गिरफ्तार कर लिया।
गिरफ्तार आरोपी
भंवर सिंह पुत्र महेन्द्र सिंह, निवासी 396, चिंतामणि मार्ग, रावजी का हाटा, थाना घंटाघर, जिला उदयपुर।
आरोपी से गहन पूछताछ कर अनुसंधान जारी है। पुलिस थाना हाथीपोल द्वारा ऑपरेशन त्रिनेत्र के तहत अवैध मादक पदार्थों की तस्करी में लिप्त अपराधियों के विरुद्ध कार्रवाई लगातार जारी है।
Discover more from 24 News Update
Subscribe to get the latest posts sent to your email.