24 News Update चित्तौड़गढ़। रेलवे स्टेशन के बाहर उस समय हंगामे की स्थिति बन गई जब दो साधु आपस में उलझ गए और देखते ही देखते मामला मारपीट तक पहुंच गया। झगड़े में एक साधु घायल हो गया और गुस्से में आकर सड़क पर लेट गया। उसके साथ मौजूद अन्य साधुओं ने विरोध स्वरूप शोरगुल और प्रदर्शन शुरू कर दिया, जिससे करीब आधे घंटे तक सड़क पर जाम की स्थिति बनी रही।
सुबह से मंडरा रहे थे स्टेशन के बाहर, दोपहर में हुआ विवाद
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, दोनों साधु सोमवार सुबह से ही रेलवे स्टेशन के बाहर फुटपाथ के पास मंडरा रहे थे। उनके साथ अन्य साधु भी थे। दोपहर करीब 1 बजे किसी बात को लेकर दोनों के बीच बहस शुरू हो गई, जो अचानक मारपीट में बदल गई। प्रत्यक्षदर्शियों का कहना है कि विवाद की कोई स्पष्ट वजह नजर नहीं आई, लेकिन दोनों एक-दूसरे से काफी आक्रामक हो गए।
घायल साधु सड़क पर लेटा, यातायात बाधित
मारपीट में घायल हुए एक साधु ने सड़क पर जाकर लेटने का रास्ता अपनाया और उठने से साफ इनकार कर दिया। इस दौरान उसके साथ मौजूद अन्य साधुओं ने भी विरोध में हंगामा शुरू कर दिया। सड़क पर जाम लग गया और वाहनों की लंबी कतारें खड़ी हो गईं। यह मार्ग शहर की सबसे व्यस्त सड़कों में से एक है, जिससे आमजन को भारी असुविधा का सामना करना पड़ा।
पुलिस से भी हुई बहसबाजी, साधु ने अस्पताल जाने से किया इनकार
सूचना पर सदर थाना पुलिस मौके पर पहुंची। एएसआई बिंदु सिंह और कुंदन सिंह जाप्ते के साथ घटनास्थल पर आए। पुलिस ने पहले शांति से समझाइश दी, लेकिन साधु और पुलिस के बीच बहसबाजी शुरू हो गई। घायल साधु को एंबुलेंस के माध्यम से अस्पताल भेजने की कोशिश की गई, लेकिन उसने जाने से इनकार कर दिया। काफी देर तक पुलिसकर्मी उसे समझाते रहे, लेकिन वह सड़क से उठने को तैयार नहीं हुआ।
हल्का बल प्रयोग कर उठाया गया साधु, फिर खुला ट्रैफिक
जब स्थिति नियंत्रण से बाहर जाती नजर आई तो पुलिस को हल्का बल प्रयोग करना पड़ा। अन्य साधुओं को वहां से हटाया गया और घायल साधु को जबरन एंबुलेंस में बैठाकर अस्पताल रवाना किया गया। इसके बाद पुलिस ने सड़क से जाम हटाकर यातायात को सुचारू किया। फिलहाल इस विवाद की मूल वजह सामने नहीं आ पाई है। प्रत्यक्षदर्शियों का कहना है कि दोनों साधु अचानक ही भिड़ गए थे और इससे पहले कोई बड़ी बात या झगड़ा नहीं था। ऐसा माना जा रहा है कि ये साधु या तो बाहर से आए थे या स्टेशन क्षेत्र के आसपास अस्थायी रूप से डेरा जमाए हुए हैं। अभी तक किसी भी पक्ष की ओर से कोई पुलिस रिपोर्ट दर्ज नहीं कराई गई है।
स्थिति अब सामान्य, लेकिन घटना से मची खलबली
करीब आधे घंटे चले इस घटनाक्रम ने क्षेत्र में खलबली मचा दी थी। आम लोग, राहगीर और वाहन चालक काफी देर तक परेशान होते रहे। फिलहाल स्थिति पूरी तरह सामान्य है और पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।
Discover more from 24 News Update
Subscribe to get the latest posts sent to your email.