नगर के बाल ब्रह्मचारी उमंग भैया बने मुनि श्रुतांश सागर व ब्रह्मचारी पंकज भैया बने मुनि सुधैर्य सागर महाराज
24 News Update सागवाड़ा (जयदीप जोशी)। राजस्थान की राजधानी जयपुर के सांगानेर रोड स्थित चित्रकूट नगर में विराजित दिव्य तपस्वी आचार्य सुन्दर सागर जी महाराज संघ के सान्निध्य में सोमवार 3 नवम्बर को विशाल स्तर पर आयोजित भव्य जैनेश्वरी दीक्षा समारोह में वागड़ सहित आस-पास के क्षेत्र से हजारों श्रद्धालुओं की उपस्थिति में आचार्य सुन्दर सागर जी महाराज द्वारा सात मोक्षमार्ग के पथिक साधकों — नगर के बाल ब्रह्मचारी उमंग भैया और ब्रह्मचारी पंकज भैया — को जैनेश्वरी दीक्षा प्रदान की गई।
उमंग भैया बने मुनि श्रुतांश सागर तथा पंकज भैया बने मुनि सुधैर्य सागर महाराज।
वागड़ की धर्मनगरी सागवाड़ा जैन समाज के गौरव बाल ब्रह्मचारी उमंग भैया (आयु 23 वर्ष) तथा ब्रह्मचारी पंकज भैया शाह (आयु 65 वर्ष) को चित्रकूट नगर के कंवर का बाग स्थित विशाल पांडाल में आयोजित समारोह में दिगम्बर मुनि दीक्षा प्रदान की गई।
समाज के प्रतिष्ठाचार्य विनोद उर्फ विरल पगारिया ने बताया कि दीक्षा समारोह के तहत सोमवार 3 नवम्बर को प्रातः दोनों दीक्षार्थियों समेत कुल सात दीक्षार्थियों को बैंड-बाजों के साथ बिन्दौली के रूप में कार्यक्रम स्थल कंवर का बाग लाया गया, जहां मंगलाष्टक चौक पूराई के साथ सभी दीक्षार्थियों के केश-लोचन की विधि हुई। इसके बाद सभी ने क्षमा-याचना कर आचार्य सुन्दर सागर जी महाराज से हाथ जोड़कर दीक्षा ग्रहण हेतु निवेदन किया। तत्पश्चात वस्त्र-त्याग विधि के बाद आचार्य द्वारा सभी दीक्षार्थियों के मस्तक पर केसर से स्वस्तिक अंकन कर जैनागम में वर्णित विधि-विधान के अनुसार दीक्षा संस्कार किए गए।
दीक्षा संस्कारोपरांत आचार्य सुन्दर सागर जी महाराज द्वारा सागवाड़ा निवासी 23 वर्षीय बाल ब्रह्मचारी उमंग भैया को दिगम्बर मुनि दीक्षा प्रदान कर “मुनि श्रुतांश सागर” तथा ब्रह्मचारी पंकज भैया को “मुनि सुधैर्य सागर” नाम प्रदान किया गया।
उपस्थित हजारों श्रद्धालुओं ने जय-जयकार ध्वनि के साथ अनुमोदना की। नामकरण के बाद संयम के उपकरण — नवीन पिच्छिका व कमंडल — श्रद्धालुओं द्वारा प्रदान किए गए।
समारोह में सागवाड़ा सहित वागड़-मेवार क्षेत्र के सैकड़ों श्रद्धालुओं ने भाग लेकर पुण्यार्जन किया।
दीक्षार्थी परिचय:
ब्रह्मचारी उमंग भैया: पिता देवीलाल पालविया, माता सीमा पालविया, जन्म सन् 2001, निवास पुजारवाड़ा मोहल्ला। शिक्षा – बी.कॉम। माता-पिता का एक पुत्र, दो बहनें। 2019 में प्रथम बार केश-लोचन किया।
ब्रह्मचारी पंकज भैया: पिता गुलाबचन्द शाह, माता आनन्दी देवी शाह, जन्म 5 जनवरी 1961, निवास कंसारा चौक सागवाड़ा। शिक्षा – एम.ए., बी.एड., सेवानिवृत्त प्रधानाध्यापक। ब्रह्मचर्य व्रत 2021 क्षमावाणी पर्व पर। इनकी धर्मपत्नी ने आचार्य सुन्दर सागर जी से दीक्षा लेकर समाधि ली थी।
Discover more from 24 News Update
Subscribe to get the latest posts sent to your email.