Site icon 24 News Update

जमीन हड़पने के लिए रची गई ‘अधिकार पत्र’ की साजिश, दो के खिलाफ धोखाधड़ी का मुकदमा दर्ज

Advertisements

24 news Update वल्लभनगर। उदयपुर के वल्लभनगर तहसील परिसर से धोखाधड़ी का एक गंभीर प्रकरण सामने आया है। एक व्यक्ति को बहला-फुसलाकर और झांसे में लेकर उसकी बेशकीमती जमीन के अधिकार पत्र (Power of Attorney) अपने पक्ष में करवाकर उसे खुर्द-बुर्द करने का आरोप लगाया गया है। पीड़ित की शिकायत पर वल्लभनगर थाना पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता (BNS) की सुसंगत धाराओं में मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पीड़ित सोहनलाल भील (निवासी टांक, वल्लभनगर) द्वारा दी गई रिपोर्ट के अनुसार, मुख्य आरोपी बलवीर सिंह झाला ने उसे विश्वास में लेकर पहले भी उसकी जमीन बिकवा दी थी। इस बार आरोपी ने फिर से साजिश रची और सोहनलाल को तहसील कार्यालय लेकर आया। वहाँ उसे बातों में फंसाकर अपने पक्ष में एक ‘अधिकार पत्र’ निष्पादित करवा लिया। इस दस्तावेज के आधार पर आरोपी ने पीड़ित की जमीन को अन्य लोगों को बेच दिया। पुलिस ने बलवीर सिंह झाला (निवासी टांक) और चुन्नीलाल भील (निवासी उत्तावालिया ढीकली) को नामजद किया है। पुलिस ने एफआईआर दर्ज की है। घटना की गंभीरता को देखते हुए थानाधिकारी (पु.नि.) पुनाराम के निर्देशन में मामले की कमान सहायक उपनिरीक्षक (सउनि) महेन्द्र कुमार को सौंपी गई है।

Exit mobile version