24 News Update भीलवाड़ा। भीलवाड़ा जिले के मांडलगढ़ क्षेत्र के कालीरड़िया गांव में गौशाला निर्माण को लेकर बुधवार को अचानक माहौल तनावपूर्ण हो गया। निर्माण कार्य के दौरान शुरू हुई कहासुनी देखते ही देखते दो पक्षों के बीच हिंसक झड़प में बदल गई। लाठी-डंडों और पत्थरों से हुई मारपीट में दोनों पक्षों के करीब आठ लोग घायल हो गए, जिससे गांव में अफरा-तफरी मच गई।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार निर्माण स्थल पर किसी बात को लेकर विवाद बढ़ा और कुछ ही देर में दोनों ओर से लोग आमने-सामने आ गए। देखते ही देखते पत्थरबाजी और लाठी-डंडों से हमला शुरू हो गया। झगड़े के दौरान कई लोग घायल हो गए। घायलों को तत्काल उपचार के लिए अस्पताल ले जाया गया, जबकि एक व्यक्ति की हालत गंभीर होने पर उसे भीलवाड़ा के महात्मा गांधी अस्पताल रेफर किया गया है।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस प्रशासन हरकत में आ गया। आसपास के थानों से अतिरिक्त पुलिस बल कालीरड़िया गांव भेजा गया और मौके पर पहुंचकर भीड़ को तितर-बितर किया गया। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक पारस जैन और मांडलगढ़ के डिप्टी बाबूलाल बिश्नोई भी घटनास्थल पहुंचे और दोनों पक्षों से बातचीत कर हालात को शांत कराने का प्रयास किया।
मारपीट के बाद गांव में देर तक तनाव बना रहा और बीच-बीच में माहौल गर्म होने की स्थिति भी बनती रही। एहतियात के तौर पर गांव में भारी पुलिस जाब्ता तैनात किया गया है। पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी हुई है और स्थिति पर लगातार नजर रखी जा रही है, ताकि किसी भी अप्रिय घटना को रोका जा सके।
गौशाला निर्माण को लेकर दो पक्ष भिड़े, लाठी-डंडों और पत्थरों से मारपीट में 8 घायल

Advertisements
