Site icon 24 News Update

आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस एंड एप्लीकेशन पर दो दिवसीय अंतरराष्ट्रीय कॉन्फ्रेंस का शुभारंभ

Advertisements

24 News Update उदयपुर। राजस्थान विद्यापीठ के संघटक कंप्यूटर साइंस एंड इन्फॉर्मेशन टेक्नोलॉजी विभाग की ओर से महाविद्यालय के सभागार में “आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस एंड एप्लीकेशन” विषय पर दो दिवसीय अंतरराष्ट्रीय कॉन्फ्रेंस का शुभारंभ हुआ। सम्मेलन में देश-विदेश के शिक्षाविद, शोधार्थी, विद्यार्थी एवं उद्योग जगत के प्रतिनिधि भाग ले रहे हैं।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि कुलपति प्रो. एस.एस. सारंगदेवोत ने उद्घाटन सत्र को संबोधित करते हुए कहा कि आधुनिक डिजिटल युग में आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस मानव जीवन का अभिन्न अंग बन चुका है। एआई तकनीक ने दैनिक कार्यों को सरल बनाने के साथ-साथ शिक्षा, स्वास्थ्य, उद्योग, कृषि और अनुसंधान जैसे क्षेत्रों में नवाचार के नए द्वार खोले हैं। उन्होंने एआई के वैश्विक प्रभाव, उससे जुड़ी चुनौतियों एवं अवसरों पर प्रकाश डालते हुए शोधार्थियों एवं विद्यार्थियों को इस क्षेत्र में गुणवत्तापूर्ण एवं नवाचारी शोध के लिए प्रेरित किया।
मुख्य वक्ता प्रो. धर्म सिंह जाट, प्रोफेसर (कंप्यूटर साइंस), नामीबिया यूनिवर्सिटी ऑफ साइंस एंड टेक्नोलॉजी एवं यूनेस्को चेयरहोल्डर ने अपने व्याख्यान में वैश्विक परिदृश्य में आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस के बढ़ते प्रभावों को उदाहरणों सहित प्रस्तुत किया। उन्होंने ह्यूमन-सेंट्रिक एआई की अवधारणा पर विशेष बल देते हुए कहा कि मानव-केंद्रित एआई समाज के समग्र विकास और मानवता के कल्याण में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकती है।
कुलाधिपति भंवर लाल गुर्जर ने कहा कि आज पूरी दुनिया व्यक्ति के मोबाइल में समाहित हो गई है। तकनीक का उपयोग आवश्यक है, लेकिन उसके दुरुपयोग से बचना भी उतना ही जरूरी है।
प्रारंभ में निदेशक प्रो. मंजु मांडोत ने अतिथियों का स्वागत करते हुए दो दिवसीय कॉन्फ्रेंस की रूपरेखा प्रस्तुत की। उन्होंने बताया कि सम्मेलन का मुख्य उद्देश्य शिक्षकों, शोधार्थियों, विद्यार्थियों एवं उद्योग जगत को आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस की उभरती क्षमताओं, व्यावहारिक अनुप्रयोगों और भविष्य की संभावनाओं से अवगत कराना है। कॉन्फ्रेंस में देश-विदेश के 200 से अधिक प्रतिभागी भाग ले रहे हैं तथा कुल पांच तकनीकी सत्र आयोजित किए जाएंगे।

पुस्तक का विमोचन
सम्मेलन के दौरान अतिथियों द्वारा प्रो. मंजु मांडोत द्वारा लिखित पुस्तक “क्लाउड कंप्यूटिंग – कॉन्सेप्ट एंड एप्लीकेशन” का विमोचन किया गया। कार्यक्रम का संचालन डॉ. भरत सुखवाल ने किया, जबकि आभार डॉ. मनीष श्रीमाली ने व्यक्त किया। इस अवसर पर डॉ. अरुण वैष्णव, डॉ. दर्शना पंड्या, डॉ. सुनील चौधरी, डॉ. मनीष श्रीमाली, डॉ. भारत सिंह देवड़ा, डॉ. गौरव गर्ग, डॉ. प्रदीप सिंह शक्तावत, डॉ. दिलीप चौधरी, दुर्गाशंकर, त्रिभुवन सिंह, मुकेश नाथ, मनोज यादव सहित विभागाध्यक्ष, विद्यार्थी एवं शोधार्थी उपस्थित रहे।

Exit mobile version