Site icon 24 News Update

चित्तौड़गढ़ रेलवे स्टेशन पर सोते दंपती का पर्स-मोबाइल चोरी करने वाले दो आरोपी गिरफ्तार

Advertisements

24 न्यूज अपडेट, चित्तौड़गढ़। रेलवे स्टेशन पर 22 जुलाई की रात को दंपती से पर्स, मोबाइल और चांदी के गहने चुराने वाले दो शातिर चोरों को जीआरपी पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने चोरी गया पूरा सामान बरामद कर लिया है। गिरफ्तार आरोपियों में एक आदतन अपराधी है, जबकि दूसरा पहली बार चोरी की वारदात में पकड़ा गया है।
ब्यावर निवासी सुरेन्द्र चौहान (28) अपनी पत्नी आरती के साथ उज्जैन में महाकाल दर्शन के बाद जयपुर जा रहे थे। उन्होंने उज्जैन से जयपुर एक्सप्रेस में यात्रा शुरू की, लेकिन ट्रेन में अधिक भीड़ होने के कारण रास्ते में चित्तौड़गढ़ उतरकर सांवलिया सेठ के दर्शन का निर्णय लिया। रात करीब 11ः30 बजे दंपती स्टेशन के प्लेटफॉर्म नंबर दो पर ही सो गए। उनके पास मोबाइल, पर्स, चांदी के गहने और 300 रुपये नकद थे जो सुरेन्द्र ने अपने पेंट में रखे हुए थे।
रात को जब दोनों गहरी नींद में थे, तभी एक अज्ञात युवक ने उनका पर्स, मोबाइल और गहने निकाल लिए। इसी दौरान सुरेन्द्र की नींद खुली और उसने शोर मचाकर चोर को पकड़ने की कोशिश की, लेकिन वह एक अन्य युवक के साथ भाग निकला। अगले दिन 23 जुलाई को पीड़ित दंपती ने जीआरपी थाने पहुंचकर मामला दर्ज कराया।
थानाधिकारी अनिल देवल के निर्देशन में हेड कॉन्स्टेबल अनिल कुमार के नेतृत्व में विशेष टीम गठित की गई जिसमें हेड कॉन्स्टेबल सांवर सिंह, कॉन्स्टेबल पवन कुमार, गोपाल लाल और जगन्नाथ सैनी शामिल रहे। जांच के दौरान टीम को प्लेटफॉर्म नंबर चार पर दो युवक संदिग्ध अवस्था में मिले। पीड़ित दंपती को मौके पर बुलाकर पहचान कराई गई, जिसमें दोनों को चोर के रूप में पहचान लिया गया।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान भीलवाड़ा निवासी कुंदन चंदेल (20) और रामलाल गुर्जर (27) के रूप में हुई है। पूछताछ में दोनों ने चोरी की वारदात को स्वीकार कर लिया। पुलिस के अनुसार कुंदन चंदेल पूर्व में भी चोरी के मामले में फरवरी में गिरफ्तार हो चुका है और नशे का आदी है। वहीं रामलाल गुर्जर टेंट हाउस का व्यवसाय करता है, लेकिन कुंदन के बहकावे में आकर पहली बार इस वारदात में शामिल हुआ।
पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर चोरी गया सामान बरामद किया और उन्हें गुरुवार को अजमेर कोर्ट में पेश किया गया।

Exit mobile version