24 न्यूज अपडेट, उदयपुर। भारतीय विकास परिषद, सुभाष शाखा, उदयपुर द्वारा वीर शिरोमणि महाराणा प्रताप की जयंती के अवसर पर एक गरिमामय आयोजन किया गया। इस अवसर पर परिषद के सदस्यों ने राणा प्रताप नगर रेलवे स्टेशन स्थित महाराणा प्रताप जी के स्मारक पर माल्यार्पण कर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की। कार्यक्रम का वातावरण उल्लासपूर्ण और प्रेरणादायक रहा, जिसमें परिषद सदस्यों ने महाराणा प्रताप के अदम्य साहस, स्वाभिमान, त्याग और राष्ट्रप्रेम से प्रेरणा लेने तथा भावी पीढ़ी को उनके संघर्षों से अवगत कराने का संकल्प लिया। इसी अवसर पर पर्यावरण संरक्षण और पक्षी प्रेम के संदेश के साथ सुभाष शाखा की ओर से 150 मिट्टी के परिंदे मां जी सराय क्षेत्र में आमजन को वितरित किए गए। यह पहल आमजन में प्रकृति के प्रति संवेदनशीलता को जागृत करने का प्रयास है। शाखा सचिव श्री शोभा लाल दशोरा ने सभी उपस्थित सदस्यों का आभार व्यक्त किया, वहीं शाखा कोषाध्यक्ष श्री निर्भय सिंह बाबेल द्वारा सभी के लिए स्वादिष्ट अल्पाहार की व्यवस्था की गई। अध्यक्ष श्री रण जीत लाल जैन ने सभी सदस्यों से आत्म-परिचय देने का अनुरोध किया, जिससे आपसी सहयोग, संवाद और परस्पर स्नेह की भावना को बल मिले।
वीर शिरोमणि महाराणा प्रताप जयंती पर भा.वि. परिषद सुभाष शाखा, उदयपुर द्वारा श्रद्धांजलि कार्यक्रम

Advertisements
