24 News Update उदयपुर। भारतीय स्वतंत्रता संग्राम के अमर बलिदानी शहीद हेमू कालाणी के बलिदान दिवस के अवसर पर भारतीय सिंधु सभा उदयपुर एवं सिंधी सेंट्रल युवा सेवा समिति के संयुक्त तत्वावधान में रविवार को फतहसागर पाल पर भावपूर्ण श्रद्धांजलि कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में सामाजिक, शैक्षिक एवं युवा संगठनों से जुड़े लोग उपस्थित रहे और पुष्पांजलि अर्पित कर शहीद के अदम्य साहस, मित्रता और देशभक्ति को नमन किया।
भारतीय सिंधु सभा के सुरेश कटारिया ने बताया कि कार्यक्रम के मुख्य अतिथि आलोक संस्थान के निदेशक एवं शिक्षाविद् डॉ. प्रदीप कुमावत रहे। अपने उद्बोधन में डॉ. कुमावत ने शहीद हेमू कालाणी के प्रेरणादायी जीवन प्रसंगों पर विस्तार से प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि अंग्रेजी हुकूमत द्वारा जेल में अमानवीय यातनाएँ दिए जाने के बावजूद हेमू कालाणी ने न तो अपने साथियों के नाम उजागर किए और न ही अपने संकल्प से डिगे। मात्र 19 वर्ष की आयु में फाँसी को स्वीकार करना उनकी अद्वितीय मित्रता, निष्ठा और बलिदान भावना का प्रमाण है।
डॉ. कुमावत ने इसी भावना से प्रेरित होकर सुझाव दिया कि शहीद हेमू कालाणी के जन्मदिवस 23 मार्च को “मित्रता दिवस” के रूप में मनाया जाना चाहिए, ताकि युवा पीढ़ी सच्ची मित्रता, साहस और राष्ट्रभक्ति के मूल्यों को आत्मसात कर सके।
कार्यक्रम में सिंधु सभा के प्रदेश उपाध्यक्ष एवं शिक्षाविद् डॉ. मनोहर कालरा ने कहा कि देश की आज़ादी के यज्ञ में अनेक वीर सपूतों ने अपने प्राणों की आहुति दी। अखंड भारत के सिंध प्रांत के सखर निवासी हेमू कालाणी उन्हीं अमर शहीदों में से एक थे, जिन्होंने अल्पायु में ही राष्ट्र के लिए सर्वोच्च बलिदान देकर इतिहास में अपना स्वर्णिम स्थान बनाया।
इससे पूर्व प्रातःकाल जवाहर पार्क, प्रतापनगर स्थित हेमू कालाणी स्मारक पर उनकी प्रतिमा पर माल्यार्पण एवं दीप प्रज्ज्वलन कर श्रद्धांजलि अर्पित की गई। इस अवसर पर हेपी होम सीनियर सेकेंडरी स्कूल की छात्राओं एवं प्रदेश संरक्षक सुरेश कटारिया द्वारा देशभक्ति गीतों की भावपूर्ण प्रस्तुतियाँ दी गईं, जिन्होंने उपस्थित जनसमूह को भावविभोर कर दिया। कार्यक्रम में हेपी होम विद्यालय के प्रधानाचार्य जगदीश अरोड़ा का भी सम्मान किया गया।
सभा के प्रताप राय चुग ने कहा कि हेमू कालाणी के मन में बचपन से ही देशभक्ति और राष्ट्रसेवा की भावना कूट-कूटकर भरी हुई थी। वहीं प्रदेश संरक्षक सुरेश कटारिया ने युवाओं से आह्वान किया कि वे शहीद हेमू कालाणी के जीवन से प्रेरणा लेकर राष्ट्र निर्माण और देशसेवा में सक्रिय भूमिका निभाएँ।
किशन वाधवानी, प्रताप राय चुग, लक्ष्मण बजाज, सुनील कालरा शिकारपुरी, ओमप्रकाश गुरानी, हरीश चावला, उमेश मनवानी, विक्की राजपाल, राजेश खत्री, सुरेश खुराना, खानचंद मगवानी, प्रकाश फुलानी, रमेश दतवानी, गुरमुख कस्तूरी, श्रीचंद खथुरिया, कृष्णकांत कुमावत, कमलेश चैनानी, बसंत पंजवानी, हीरानंद चैनानी, कमल कृपलानी, कमल तलरेजा, लज्जा रामेजा, रमा खियाणी, मोहिनी सावधानी सहित अनेक गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।
संचालन दुर्गेश चांदवानी ने किया, जबकि धन्यवाद ज्ञापन संभाग प्रभारी प्रकाश फुलानी ने दिया। राष्ट्रगान के साथ श्रद्धांजलि कार्यक्रम का समापन हुआ।
बलिदान दिवस पर फतहसागर पाल पर श्रद्धांजलि कार्यक्रम, शौर्य और निष्ठा को किया नमन — अमर शहीद हेमू कालाणी की स्मृति में मित्रता दिवस मनाने का आह्वान

Advertisements
