24 News Update उदयपुर। शहर के प्रतापनगर स्थित जवाहर पार्क में मंगलवार को शहीद हेमू कालानी की 103वीं जयंती पर देशभक्ति और समर्पण का अद्भुत संगम देखने को मिला। भारतीय सिंधु सभा, सिंधी सेंट्रल युवा सेवा समिति और शहीद हेमू कालानी युवा मंच के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित कार्यक्रम में समाज के विभिन्न वर्गों ने एकत्रित होकर शहीद की प्रतिमा पर दीप प्रज्वलन एवं माल्यार्पण कर भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की। कार्यक्रम की शुरुआत में आज ही के दिन शहीद हुए अमर क्रांतिकारी भगत सिंह, राजगुरु और सुखदेव को भी माल्यार्पण कर नमन किया गया। मुख्य अतिथि राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के धर्म जागरण प्रांत संयोजक महिपाल सिंह राठौड़ रहे। उन्होंने उपस्थित जनसमूह को राष्ट्रभक्ति एवं सांस्कृतिक मूल्यों की रक्षा का संकल्प दिलाते हुए युवाओं को देशहित में आगे आने का आह्वान किया।
श्रद्धांजलि सभा को संबोधित करते हुए झूलेलाल सेवा समिति के अध्यक्ष प्रताप राय चुघ एवं मनोहर कालरा ने शहीद हेमू कालानी के जीवन पर प्रकाश डालते हुए बताया कि महज 19 वर्ष की आयु में उन्होंने देश और मित्रता दोनों के प्रति अपनी निष्ठा निभाते हुए सर्वोच्च बलिदान दिया। उन्होंने युवाओं को उनके आदर्शों से प्रेरणा लेने का संदेश दिया।
कोटा विश्वविद्यालय के पूर्व वाइस चांसलर एवं भारतीय सिंधु सभा के वरिष्ठ उपाध्यक्ष मनोहर जी कालरा ने संस्था की गतिविधियों पर प्रकाश डालते हुए बताया कि भारतीय सिंधु सभा पूरे राजस्थान में इस दिवस को प्रेरणादायक रूप में मनाती है, ताकि युवा पीढ़ी में राष्ट्रभक्ति का जज्बा जागृत हो।
इस अवसर पर प्रतापनगर सिख समाज के अध्यक्ष राजेंद्र सोखी ने भी विचार व्यक्त करते हुए कहा कि शहीद भगत सिंह का जीवन हमें यह सिखाता है कि समाज से पहले राष्ट्र सर्वोपरि होना चाहिए। कार्यक्रम में मेवाड़ सिंधु ब्रिगेड की ओर से समाजसेवी प्रकाश श्री चांदनी का स्वागत किया गया, वहीं प्रभुदास जी के पुत्र सीए किशोर पाहुजा को उनके कार्यों के लिए सम्मानित किया गया। इसके साथ ही वेटलिफ्टिंग में 136 मेडल जीतने वाले हरीश चावला का भी सम्मान कर उनकी उपलब्धि को सराहा गया। संचालन राजेश खत्री एवं प्रकाश फुलानी ने किया। इस दौरान गुरमुख दास कस्तूरी, विजय आहुजा, राजेश तलदार, अनिल, महेंद्र ठाकुर, लक्ष्मण कर्दा, किशन लाल अछवानी, नर्सिंग माधवानी सहित मातृशक्ति से जया पहलवानी एवं रमा खियानी सहित बड़ी संख्या में गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।
शहीद हेमू कालानी की 103वीं जयंती पर उमड़ा देशभक्ति का ज्वार, प्रतापनगर में भावभीनी श्रद्धांजलि

Advertisements
