Site icon 24 News Update

RAMP योजना के तहत सज्जन नगर में प्रशिक्षण, कारीगरों को ब्रांडिंग-मार्केटिंग की बारीकियां सिखाई गईं

Advertisements

24 News update उदयपुर। शहर के सज्जन नगर स्थित ओड बस्ती सामुदायिक भवन में सूक्ष्म उद्यमों को सशक्त बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल करते हुए RAMP योजना के अंतर्गत स्पेशल क्राफ्ट सेक्टर के लिए तीन दिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में चयनित 30 महिलाओं और पुरुष प्रतिभागियों को बाजार उन्मुख कौशल विकसित करने पर केंद्रित प्रशिक्षण दिया गया।
राजस्थान सरकार के उद्योग, वाणिज्य एवं निवेश प्रोत्साहन विभाग द्वारा संचालित इस पहल का उद्देश्य कारीगरों और छोटे उद्यमियों को गुणवत्ता प्रबंधन, उत्पाद मानकीकरण और प्रभावी विपणन तंत्र से जोड़ना रहा। प्रशिक्षण की अध्यक्षता अब्दुल लतीफ मंसूरी ने की।
प्रशिक्षण सत्रों में रेखा लोहार ने प्रतिभागियों को उत्पाद की गुणवत्ता सुधार, ब्रांड पहचान विकसित करने, आकर्षक पैकेजिंग तैयार करने, उचित मूल्य निर्धारण और बाजार की मांग के अनुरूप रणनीति बनाने के बारे में विस्तार से जानकारी दी। वहीं मास्टर ट्रेनर केसर सिंह और रेखा लोहार ने व्यावहारिक उदाहरणों के माध्यम से प्रतिस्पर्धी बाजार में उत्पाद की पहचान मजबूत करने पर विशेष जोर दिया।
कार्यक्रम के दौरान जिला उद्योग एवं वाणिज्य केंद्र, उदयपुर के महाप्रबंधक शैलेंद्र शर्मा ने प्रतिभागियों को मुख्यमंत्री युवा स्वरोजगार योजना की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि इस योजना के तहत युवाओं को स्वरोजगार स्थापित करने के लिए आर्थिक सहायता उपलब्ध कराई जाती है, जिसमें सेवा, निर्माण और व्यापार क्षेत्र में सूक्ष्म उद्यम शुरू करने हेतु 10 लाख रुपये तक का ब्याजमुक्त ऋण भी शामिल है।
समापन सत्र में जाहिद मोहम्मद मंसूरी ने कहा कि राज्य और केंद्र सरकार की विभिन्न योजनाओं के माध्यम से महिलाओं को कौशल विकास और आजीविका के अवसरों से जोड़ा जा रहा है, जिससे वे आर्थिक रूप से सशक्त बन सकें। उन्होंने डिजिटल मार्केटिंग के बढ़ते महत्व पर प्रकाश डालते हुए प्रतिभागियों को ऑनलाइन प्लेटफॉर्म के जरिए अपने उत्पादों के विस्तार के लिए प्रेरित किया।
तीन दिवसीय इस प्रशिक्षण कार्यक्रम में प्रतिभागियों ने न केवल सैद्धांतिक जानकारी प्राप्त की, बल्कि व्यावहारिक अभ्यास के माध्यम से बाजार की जरूरतों को समझने का अवसर भी मिला। आयोजकों के अनुसार, इस तरह के कार्यक्रम स्थानीय कारीगरों को प्रतिस्पर्धी बाजार में स्थापित करने की दिशा में अहम भूमिका निभा रहे हैं।

Exit mobile version