24 News Update उदयपुर। जिले के सायरा थाना क्षेत्र में मंगलवार सुबह एक दर्दनाक हादसे में दूध से भरे टैंकर ने सो रहे व्यक्ति को कुचल दिया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। घटना सुआवतों का गुड़ा गांव में सुबह करीब 8 बजे हुई।
पुलिस के अनुसार, मृतक फतहसिंह राजपूत (55) अपने घर के बाहर आम के पेड़ के नीचे चारपाई पर सो रहे थे। इसी दौरान बाड़े में खड़े दूध टैंकर को चालक भगवत सिंह राजपूत (निवासी नरसिंगदासजी का गुड़ा) ने स्टार्ट कर आगे-पीछे करना शुरू किया। लापरवाही बरतते हुए चालक ने टैंकर को तेज गति से रिवर्स लिया, जिसकी चपेट में फतहसिंह आ गए और गंभीर रूप से घायल हो गए।
हादसे के बाद चालक मौके से फरार हो गया। परिजन व ग्रामीण घायल को तत्काल गोगुंदा अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। शव को अस्पताल की मोर्चरी में रखवाया गया है।
मृतक के पुत्र गोवर्धन सिंह की रिपोर्ट पर सायरा थाने में मामला दर्ज किया गया है। उन्होंने चालक पर लापरवाही से वाहन चलाने का आरोप लगाते हुए सख्त कार्रवाई की मांग की है। एएसआई शंभू सिंह ने बताया कि पुलिस ने टैंकर को जब्त कर लिया है और आरोपी चालक की तलाश की जा रही है।
दर्दनाक हादसा, दूध टैंकर ने पेड़ के नीचे सोए व्यक्ति को कुचला

Advertisements
